जरुरी जानकारी | इरेडा ने आईपीओ के लिए सेबी के पास आवेदन किया

नयी दिल्ली, 11 सितंबर सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (इरेडा) ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये पूंजी जुटाने के लिये बाजार नियामक सेबी के पास प्रारंभिक दस्तावेज जमा कराया है।

इरेडा ने तीसरी बार आईपीओ के लिये दस्तावेज जमा कराये हैं। इससे पहले उसने 2017 और 2019 में भी बाजार में सूचीबद्धता की कोशिश की थी लेकिन बाजार के हालात अनुकूल न होने से योजना आगे नहीं बढ़ पायी थी।

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास बृहस्पतिवार को जमा विवरण पुस्तिका के अनुसार इरेडा आईपीओ के तहत 40.31 करोड़ नये इक्विटी शेयर जारी करेगी जबकि नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के माध्यम से केंद्र सरकार 26.88 करोड़ इक्विटी शेयर बिक्री पेशकश (ओएफएस) के अंतर्गत लाएगी।

पिछले साल मई में आए भारतीय जीवन बीमा निगम के आईपीओ के बाद यह सार्वजनिक क्षेत्र के किसी उद्यम का पहला सार्वजनिक निर्गम होगा।

इरेडा नये निर्गम से प्राप्त आय का उपयोग भविष्य की पूंजी आवश्यकताओं को पूरा करने के इरादे से पूंजी आधार बढ़ाने लिये करेगी।

इरेडा एक मिनी रत्न कंपनी है। यह नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अंतर्गत काम करती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)