देश की खबरें | झारखंड के पलामू जिले में आईआरबी के जवान का शव बरामद

मेदिनीनगर (झारखंड), सात मई पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के तलैया उच्च विद्यालय के बरामदे में से रविवार को इंडिया रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के एक जवान का शव बरामद हुआ है।

पुलिस ने बताया कि मृत जवान की पहचान 35 वर्षीय मनदीप कुमार दुबे के रूप में हुई है।

चैनपुर के थानेदार उदय कुमार गुप्ता ने बताया कि जवान की पत्नी मधुलता देवी से मिली तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जवान गुमला जिले के बानालात पिकेट में पदस्थापित था और छुट्टियों में परिवार से मिलने पूर्वडीहा गांव आया था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस द्वारा प्रारंभिक जांच में जवान के शव पर किसी तरह की चोट का निशान नहीं पाया गया है।

गुप्ता ने बताया कि जवान दो दिन पहले ही अपने घर आया था और कल शाम बाइक से घूमने निकला था। उन्होंने बताया कि बाइक शव के पास ही खड़ी मिली है।

उन्होंने बताया कि परिजनों ने कोई शक-आरोप नही लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा कि यह स्वाभाविक मौत है या नहीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)