एजेंसी न्यूज

French Open 2025: जैस्मीन पाओलिनी-सारा एरानी ने फ्रेंच ओपन महिला युगल का खिताब जीता, ग्रैनोलर्स-जेबालोस पुरुष युगल के चैंपियन

पिछले साल की उपविजेता रही दूसरी वरीयता प्राप्त इरानी और पाओलिनी ने रविवार को अन्ना डैनिलिना और अलेक्जेंड्रा क्रुनिक को 6-4, 2-6, 6-1 से हराया

French Open 2025: जैस्मीन पाओलिनी-सारा एरानी ने फ्रेंच ओपन महिला युगल का खिताब जीता, ग्रैनोलर्स-जेबालोस पुरुष युगल के चैंपियन
जैस्मीन पाओलिनी-सारा एरानी(Photo Credit:X@JasminePaolini)

French Open 2025: पिछले साल की उपविजेता रही दूसरी वरीयता प्राप्त इरानी और पाओलिनी ने रविवार को अन्ना डैनिलिना और अलेक्जेंड्रा क्रुनिक को 6-4, 2-6, 6-1 से हराया. इटली की इस जोड़ी ने पिछले साल इसी स्थल पर ओलंपिक का स्वर्ण पदक जीता था. यह इरानी का महिला युगल में छठा ग्रैंड स्लैम जबकि दूसरा फ्रेंच ओपन खिताब है. इस 38 वर्षीय खिलाड़ी ने इससे पहले रॉबर्टा विंची के साथ एक बेहद सफल जोड़ी बनाकर अमेरिकी ओपन, विंबलडन और ऑस्ट्रेलियन ओपन में खिताबी जीत दर्ज की थी. कोको गॉफ़ ने रचा इतिहास; फ्रेंच ओपन के महिला एकल का खिताब जीतकर पहला ग्रैंड स्लैम किया अपने नाम

इरानी के लिए यह फ्रेंच ओपन में इस साल का दूसरा खिताब है. उन्होंने इससे पहले एन्द्रा वावसोरी के साथ मिश्रित युगल खिताब भी जीता है. पाओलिनी एकल वर्ग की शानदार खिलाड़ी हैं। वह पिछले साल इस क्ले-कोर्ट ग्रैंड स्लैम में उपविजेता रहीं थी.

पुरुष युगल में स्पेन के 39 वर्षीय ग्रैनोलर्स और अर्जेंटीना के 40 वर्षीय जेबालोस की जोड़ी चौथी बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची थी और पहली बार चैंपियन बनने में सफल रही. फ्रेंच ओपन में पांचवी वरीयता प्राप्त इस जोड़ी ने फाइनल में जो सैलिसबरी और नील स्कूप्स्की की ब्रिटिश जोड़ी को 6-0, 6-7 (5), 7-5 से हराया.

ग्रैनोलर्स और ज़ेबालोस 2019 में अमेरिकी ओपन और 2021 और 2023 में विंबलडन में उपविजेता रहे थे. सेलिसबरी और स्कूप्स्की ओपन युग में ग्रैंड स्लैम पुरुष युगल फाइनल में पहुंचने वाली पहली ब्रिटिश जोड़ी थी.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 08, 2025 06:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).