देश की खबरें | प्रदर्शन बढ़ाने वाले पदार्थ विक्रेताओं के खिलाफ आपराधिक कानून की सिफारिश करेगा आईओए पैनल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश में डोपिंग से निपटने के लिए गठित भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की सात सदस्यीय समिति खेल मंत्रालय को एक ऐसा कानून पारित करने की सिफारिश करेगी जिससे प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाओं की तस्करी और खुले बाजार में प्रतिबंधित पदार्थों की बिक्री को आपराधिक गतिविधि बनाया जा सके।
नयी दिल्ली, 24 जुलाई देश में डोपिंग से निपटने के लिए गठित भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की सात सदस्यीय समिति खेल मंत्रालय को एक ऐसा कानून पारित करने की सिफारिश करेगी जिससे प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाओं की तस्करी और खुले बाजार में प्रतिबंधित पदार्थों की बिक्री को आपराधिक गतिविधि बनाया जा सके।
आईओए की कार्यकारी परिषद के सदस्य और इस समिति के अध्यक्ष रोहित राजपाल ने कहा कि डोपिंग को बढ़ाने में संगठित ड्रग रैकेट भूमिका निभा रहे हैं और समिति इस मामले से बेहद आक्रामक तरीके से निपटने के लिए दिशानिर्देश और सिफारिशें जारी करेगी।
भारत के पूर्व टेनिस खिलाड़ी राजपाल ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई’ से कहा, ‘‘आईओए डोपिंग की समस्या को लेकर बेहद गंभीर है। हम (यह समिति) खेल मंत्रालय को एक ऐसा कानून बनाने की सिफारिश करना चाहते हैं जिससे प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाओं की तस्करी और इन प्रतिबंधित पदार्थों की खुले बाजार में बिक्री को आपराधिक गतिविधि बनाया जा सके। देखते हैं क्या होता है। ’’
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के पूर्व अध्यक्ष आदिल सुमारिवाला ने प्रदर्शन बढ़ाने वाले पदार्थों के उपयोग को दंडनीय अपराध बनाने की वकालत की थी लेकिन मौजूदा भारतीय कानूनों के तहत नशीली दवाओं के दुरुपयोग करने वालों पर अब भी दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जा सकती।
पूर्व डेविस कप खिलाड़ी राजपाल ने स्पष्ट किया कि वह खिलाड़ियों पर डोपिंग के लिए दंडात्मक कार्रवाई करने की बात नहीं कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं खिलाड़ियों की नहीं बल्कि नशीली दवाओं के तस्करों की बात कर रहा हूं। बाजार में उपलब्ध प्रतिबंधित और प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाओं की मात्रा बहुत अधिक है। और संगठित गिरोह पूरे देश में इन पदार्थों को फैलाते हैं। ’’
राजपाल ने कहा, ‘‘हमारे कई एथलीट साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं और उन्हें इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है कि कौन से पदार्थ का इस्तेमाल जायज है और कौन सी प्रतिबंधित। यह एक समस्या है और हमें इस पहलू पर भी काम करना होगा। ’’
उन्होंने कहा कि इस समस्या में कोचों की भी बड़ी भूमिका है और उन्होंने ‘समग्र डोपिंग रोकथाम कार्यक्रम’ के बारे में बात की जिस पर उनकी समिति विचार करेगी।
राजपाल ने कहा कि आईओए तत्काल प्रभाव से एक समर्पित डोपिंग रोधी शिक्षा कार्यक्रम शुरू कर रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 24, 2025 08:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

