देश की खबरें | असम में परिसीमन के बाद मतदाता सूची की समीक्षा के निर्देश मिले : गोयल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. निर्वाचन आयोग ने असम चुनाव कार्यालय को परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों के अनुसार मतदाता सूची की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अनुराग गोयल ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
गुवाहाटी, 31 अगस्त निर्वाचन आयोग ने असम चुनाव कार्यालय को परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों के अनुसार मतदाता सूची की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अनुराग गोयल ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
गोयल ने संवाददाताओं से कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण से पहले, मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) द्वारा गहन पुनरीक्षण गतिविधियों और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मियों के माध्यम से 100 प्रतिशत भौतिक सत्यापन किया जाना आवश्यक है।
गोयल ने कहा कि नये मतदान केंद्र बनाने होंगे जबकि पुराने मतदान केंद्र नये निर्वाचन क्षेत्रों के अनुसार तय करने होंगे और मतदाता सूची भी उसी के अनुसार तैयार करनी होगी।
उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया एक सॉफ्टवेयर की मदद से की जाएगी और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत सुधार और नाम शामिल करने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन फॉर्म स्वीकार करना 30 नवंबर तक बंद कर दिया गया है।
गोयल ने कहा कि मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशन एक दिसंबर से शुरू होगा और उसके बाद ही ये फॉर्म स्वीकार किए जाएंगे और चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के आखिरी दिन तक प्रक्रिया जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी प्रपत्रों पर 15 जनवरी तक निर्णय लिया जाएगा तथा 31 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)