देश की खबरें | आईएनएस सुनयना ने केन्या के मोम्बासा में डाला लंगर, योग सत्र की मेजबानी की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने की कोशिश के तहत भारतीय नौसेना का जहाज सुनयना ने 20 से 23 जून तक केन्या के मोम्बासा बंदरगाह पर लंगर डाला और उस पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया।

नयी दिल्ली, 24 जून द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने की कोशिश के तहत भारतीय नौसेना का जहाज सुनयना ने 20 से 23 जून तक केन्या के मोम्बासा बंदरगाह पर लंगर डाला और उस पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया।

योग दिवस उत्सव के तहत भारतीय नौसेना ने ‘ओसन रिंग ऑफ योग’ बनाया जिसमें हिंद महासागर क्षेत्र के देशों के बंदरगाह शामिल रहे।

केन्या के तट पर पहुंचने पर आईएनएस सुनयना का स्वागत भारतीय उच्चायोग के प्रतिनिधियों ने किया। कमांडिंग ऑफिसर ने केन्याई नौसेना के उप कमांडर ब्रिगेडियर वाई एस अब्दी से मुलाकात की और दुनिया को एक साथ लाने में योग की उपयोगिता को रेखांकित किया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को योग का संयुक्त सत्र सुनयना पोत पर आयोजित किया गया जिसमें भारतीय नौसेना के कर्मी और केन्याई रक्षा बल के सैनिक शामिल हुए। दोनों देशों की नौसेनाओं ने समुद्री साझेदारी अभ्यास भी किया।

भारतीय और केन्याई नौसेना के चालक दल ने पोत के बंदरगाह पर लंगर डालने के दौरान अग्निशमन और क्षति नियंत्रण, पोत पर सवार होने सहित विभिन्न अभ्यास किए।

इस दौरान केन्याई नौसेना के लिए मानवीय सहायता और आपदा राहत अभ्यास भी किया गया।

भारतीय नौसना ने बताया कि नौसेना के उप प्रमुख वाइस एडमिरल संजय महिंद्रू ने केन्याई रक्षा बलों के प्रमुख जनरल फ्रांसिस ओगोल्ला के लिए आईएनएस सुनयना पर स्वागत समारोह की मेजबानी की जिसमें नैरोबी में तैनात भारतीय उच्चायुक्त नामग्या खाम्पा ने भी हिस्सा लिया।

अपने संबोधन में केन्या के रक्षाबलों के प्रमुख ने भारतीय नौसेना द्वारा केन्याई नौसैनिकों के लिए प्रशिक्षण आयोजित कर मित्रवत भाव प्रकट करने पर आभार व्यक्त किया और दोनों देशों के बीच सहयोग को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now