जरुरी जानकारी | इनोटेरा ने 'फसल' के ताजा उत्पाद वितरण कारोबार का अधिग्रहण किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्विस-भारतीय कृषि प्रौद्योगिकी फर्म इनोटेरा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने बेंगलुरू और चंडीगढ़ में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए सटीक कृषि और डिजिटल खेती के क्षेत्र में सक्रिय कंपनी ‘फसल’ के ताजा उत्पाद वितरण कारोबार का अधिग्रहण किया है।
नयी दिल्ली, छह मार्च स्विस-भारतीय कृषि प्रौद्योगिकी फर्म इनोटेरा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने बेंगलुरू और चंडीगढ़ में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए सटीक कृषि और डिजिटल खेती के क्षेत्र में सक्रिय कंपनी ‘फसल’ के ताजा उत्पाद वितरण कारोबार का अधिग्रहण किया है।
इनोटेरा ने एक बयान में कहा कि इस अधिग्रहण से उसे ‘फसल’ के 85,000 एकड़ वाले किसान नेटवर्क तक पहुंच मिली है, जिससे इसके वितरण मार्गों को दोगुना करने और 30-35 प्रतिशत की अनुमानित राजस्व वृद्धि को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हालांकि कंपनी ने इस अधिग्रहण पर आने वाली लागत का खुलासा नहीं किया है।
इनोटेरा इंडिया के व्यवसाय प्रमुख और प्रबंध निदेशक अविनाश काशीनाथन ने कहा, ‘‘हम परिचालन दक्षता और वित्तीय स्थिरता को प्राथमिकता देते हुए अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए रणनीतिक अधिग्रहण करना जारी रखेंगे।’’
‘फसल’ के किसान नेटवर्क, विशेष रूप से केले और अनार के किसान नेटवर्क, का उपयोग करके इनोटेरा को फलों के वितरण में 80 प्रतिशत तक की वृद्धि हासिल करने की उम्मीद है।
काशीनाथन ने कहा कि कंपनी अपने फार्मलिंक मंच को जल्दी खराब न होने वाले और चावल एवं मसालों जैसे उत्पादों तक बढ़ाने की योजना बना रही है।
इस अधिग्रहण के बाद ‘फसल’ अपनी सटीक कृषि प्रौद्योगिकियों को आगे बढ़ाने और किसान समर्थन पहलों का विस्तार करने पर ध्यान केंद्रित करेगी।
‘फसल’ के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र तिवारी ने कहा, ‘‘यह बदलाव हमें सटीक कृषि पर अपना ध्यान केंद्रित करने और स्मार्ट एवं अधिक टिकाऊ कृषि समाधानों को आगे बढ़ाने की अनुमति देता है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)