देश की खबरें | तमिलनाडु में घायल हथिनी की मौत

इरोड, नौ अप्रैल तमिलनाडु के इरोड में स्थित एक जंगल में गड्ढे में गिरने से घायल हथिनी की इलाज के दौरान मौत हो गई। वन विभाग के कर्माचारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सत्यमंगलम टाइगर रिजर्व (एसटीआर) के कदंबूर वन रेंज के अंतर्गत आने वाले कुरुम्बुर वन क्षेत्र में एक निजी भूमि के पास करीब 25 साल की उम्र की हथिनी गड्ढे में गिर गई और देर रात उसकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि भोजन और पानी की तलाश में इधर-उधर घूमते समय संभवत: हथिनी गड्ढे में गिरी होगी।

ग्रामीणों ने हथिनी को गड्ढे में पड़ा देख सोमवार की सुबह वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। वन पशु चिकित्सक सदाशिवम के साथ वन अधिकारियों की एक टीम मौके पर पहुंची और हथिनी को ग्लूकोज और दवाईयां दी गईं।

अधिकारी ने कहा कि इलाज के बावजूद हथिनी की मौत हो गई और उसके अवशेषों को गिद्धों और जंगली जानवरों के खाने के लिए वहीं छोड़ दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने जंगल में जानवरों के लिए पानी के कई टब रखे हुए हैं।

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बारिश न होने के कारण सत्यमंगलम टाइगर रिजर्व के कई क्षेत्रों में जानवरों के लिए पानी और भोजन की कमी हो रही थी जिसके परिणामस्वरूप कई हाथी एक स्थान से दूसरे स्थान पर चले गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)