चंडीगढ़, 16 जुलाई उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में हाल में हुई मूसलाधार बारिश से संबंधित घटनाओं के चलते पंजाब और हरियाणा में कम से कम 62 लोगों की मौत हुई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के कई इलाकों में बाढ़ का पानी कम होने के साथ, अधिकारियों ने बिजली व पानी की आपूर्ति बहाल करने और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।
पंजाब के संगरूर और पटियाला जिलों समेत कई स्थानों पर राहत कार्य अब भी जारी है, और घग्गर नदी के किनारे मिट्टी के तटबंधों में आई दरारों की मरम्मत की जा रही है।
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने रविवार को कहा कि जिन स्कूलों को रविवार तक बंद रखने का आदेश दिया गया था, वे 17 जुलाई से खुल जाएंगे।
उन्होंने उपायुक्तों से किसी भी स्कूल में पानी भर जाने या क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में अपने स्तर पर निर्णय लेने को कहा।
पिछले सप्ताह पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में भारी बारिश हुई थी, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था।
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, बारिश से जुड़ी घटनाओं के कारण पंजाब में 32 और पड़ोसी राज्य हरियाणा में 30 लोगों की मौत हुई।
पंजाब के बाढ़ प्रभावित जिलों में जलजमाव वाले इलाकों से अब तक 26,000 से अधिक और हरियाणा में 5,900 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY