देश की खबरें | विमान में तकनीकी खराबी के कारण इंडिगो ने इस्तांबुल-मुंबई उड़ान रद्द की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विमानन कंपनी इंडिगो ने सोमवार को कहा कि बोइंग विमान में तकनीकी समस्या के कारण उसने रविवार को इस्तांबुल से मुंबई जाने वाली उड़ान रद्द कर दी।
मुंबई, तीन जुलाई विमानन कंपनी इंडिगो ने सोमवार को कहा कि बोइंग विमान में तकनीकी समस्या के कारण उसने रविवार को इस्तांबुल से मुंबई जाने वाली उड़ान रद्द कर दी।
इंडिगो ने बताया कि विमान उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण कंपनी ने सोमवार को मुंबई से इस्तांबुल के बीच निर्धारित उड़ान को भी रद्द कर दिया।
मामले से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि बोइंग 777 विमान में ईंधन असंतुलन की कुछ समस्या उत्पन्न हो गई थी।
इस्तांबुल से मुंबई की उड़ान रद्द होने के बाद कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया मंच पर असुविधा की शिकायत की।
हालांकि, दोनों उड़ानों में यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या के बारे में पता नहीं चल पाया है।
विमानन कंपनी ने एक बयान में कहा, “दो और तीन जुलाई को मुंबई-इस्तांबुल मार्ग पर उड़ान भरने वाली उड़ान संख्या 6ई18 को तकनीकी समस्या के कारण रद्द कर दिया गया। यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों की पेशकश की गई। आवश्यक जांच और मरम्मत के बाद विमान फिर से परिचालन में आ गया।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)