नयी दिल्ली, छह मई केंद्र ने मंगलवार को दिल्ली उच्च न्यायालय को अवगत कराया कि इंडोनेशिया में भारतीय दूतावास वहां मौत की सजा पाए तीन भारतीयों को कानूनी सहायता सहित अन्य सहायता प्रदान कर रहा है।
न्यायमूर्ति सचिन दत्ता को केंद्र के वकील ने आश्वासन दिया कि अधिकारी सहायता प्रदान करना जारी रखेंगे। इंडोनेशिया में दोषी ठहराए गए तीन भारतीयों के जीवनसाथियों की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने स्थिति रिपोर्ट तलब की और अगली सुनवाई की तिथि चार अगस्त तय की है।
तमिलनाडु के रहने वाले राजू मुथुकुमारन, सेल्वादुरई दिनाकरन और गोविंदसामी विमलकांधन को जुलाई 2024 में लीजेंड एक्वेरियस कार्गो जहाज पर 106 किलोग्राम क्रिस्टल मेथ की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
उन्हें 25 अप्रैल को इंडोनेशिया के तंजुंग बलाई करीमुन जिला न्यायालय द्वारा मादक पदार्थ कानून के उल्लंघन के लिए मौत की सजा सुनाई गई थी।
उच्च न्यायालय ने दो मई को इंडोनेशिया में भारतीय वाणिज्य दूतावास को निर्देश दिया कि वह भारतीय नागरिकों को पर्याप्त कानूनी सहायता सुनिश्चित करे।
केंद्र के वकील ने मंगलवार को कहा कि निर्देशों से पहले ही दूतावास ने दोषियों को कानूनी उपचार और पर्याप्त सहायता प्रदान करने की दिशा में कदम उठाए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY