खेल की खबरें | नीदरलैंड से 1-5 से हारी भारतीय महिला हॉकी टीम
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय महिला हॉकी टीम ने शनिवार को यहां तोक्यो ओलंपिक में पूल के शुरूआती मैच में दुनिया की नंबर एक टीम नीदरलैंड के खिलाफ पहले दो क्वार्टर में दमदार खेल दिखाया लेकिन अंत में 1-5 से हार गयी।
तोक्यो, 24 जुलाई भारतीय महिला हॉकी टीम ने शनिवार को यहां तोक्यो ओलंपिक में पूल के शुरूआती मैच में दुनिया की नंबर एक टीम नीदरलैंड के खिलाफ पहले दो क्वार्टर में दमदार खेल दिखाया लेकिन अंत में 1-5 से हार गयी।
फेलिसे एलबर्स ने तीन बार की चैम्पियन और मौजूदा ओलंपिक रजत पदक विजेता नीदरलैंड के लिये छठे और 43वें मिनट में दो गोल किये जबकि मारगोट वान जेफेन ने 33वें, फ्रेडरिक माटला ने 45वें और काईया जैकलिन वान मासाकार ने 52वें मिनट में गोल दागे।
भारत के लिये एकमात्र गोल कप्तान रानी रामपाल ने 10वें मिनट में किया।
पहले दो क्वार्टर तक यह करीबी मुकाबला रहा जिसमें भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन रक्षात्मक खेल दिखाया। इसमें गोलकीपर सविता पूनिया ने नीदरलैंड के लगातार हमलों को विफल किया।
भारतीय खिलाड़ियों ने बीच बीच में जवाबी हमलों से प्रतिद्वंद्वियों को हैरान भी किया।
उम्मीद के अनुरूप नीदरलैंड ने छठे मिनट में एलबर्स के करीब से किये गये गोल से बढ़त बना ली लेकिन रानी ने सर्कल के ऊपर से हिट कर 10वें मिनट में टीम को बराबरी पर ला दिया।
हाफ टाइम तक स्कोर बराबर रहा। लेकिन ब्रेक से उनकी लय टूट गयी और नीदरलैंड ने आक्रामक खेल दिखाते हुए चार पेनल्टी कार्नर हासिल किये और साथ ही तीन गोल कर डाले। इससे भारतीय टीम की उलटफेर करने की उम्मीद टूट गयी।
सविता ने कुछ बेहतरीन बचाव किये जिससे नीदरलैंड की टीम परेशान हो गयी और उसने दूसरे और चौथे क्वार्टर में आक्रामकता अख्तियार की।
मारगोट वान जेफेन ने 33वें मिनट में नीदरलैंड को बढ़त दिला दी। इसके बाद नीदरलैंड ने लगातार दो गोल कर दिये जिसमें एलबर्स ने 43वें मिनट में और माटला ने 45वें मिनट में गोल दागे।
इतना ही काफी नहीं था कि नीदरलैंड ने मासाकर के 52वें मिनट में छठे पेनल्टी कार्नर से पांचवां गोल कर दिया।
दोनों टीमों के खेल के स्तर में अंतर को उनके पेनल्टी कार्नर हासिल करने से आंका जा सकता है। नीदरलैंड ने छह पेनल्टी कार्नर हासिल किये जबकि भारतीय टीम एक भी पेनल्टी कार्नर हासिल नहीं कर सकी।
भारतीय टीम अब पूल ए के अगले मैच में 26 जुलाई को जर्मनी से भिड़ेगी।
भारतीय महिला टीम के लिये यह लगातार दूसरा ओलंपिक है जो 36 साल में पहली बार रियो ओलंपिक में खेली थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 24, 2021 07:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

