खेल की खबरें | भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अभ्यास मैच में बांग्लादेश को हराया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. ऋषा घोष के आक्रामक अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बुधवार को यहां आईसीसी महिला टी20 विश्व कप अभ्यास मैच में बांग्लादेश को 52 रन से हरा दिया।
स्टेलनबोश (दक्षिण अफ्रीका), आठ फरवरी ऋषा घोष के आक्रामक अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बुधवार को यहां आईसीसी महिला टी20 विश्व कप अभ्यास मैच में बांग्लादेश को 52 रन से हरा दिया।
भारत के 184 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और टीम आठ विकेट पर 131 रन ही बना सकी। देविका वैद्य (21 रन पर दो विकेट) भारत की सबसे सफल गेंदबाज रहीं जबकि राजेश्वरी गायकवाड़, अंजलि सरवानी, दीप्ति शर्मा, राधा यादव और शेफाली वर्मा ने एक-एक विकेट चटकाए।
बांग्लादेश की ओर से कप्तान निगार सुल्ताना (40) और सलामी बल्लेबाज मुर्शीदा खातून (32) ही टिककर बल्लेबाजी कर पाए।
भारत ने इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पावर प्ले में 35 रन तक ही तीन विकेट गंवा दिए थे जिसके बाद ऋषा (नाबाद 91) और जेमिमा रोड्रिग्ज (41) ने चौथे विकेट के लिए 92 रन की तेजतर्रार साझेदारी टीम का स्कोर पांच विकेट पर 183 रन तक पहुंचाया।
ऋषा ने 56 गेंद की अपनी पारी के दौरान नौ छक्के और तीन चौके मारे जबकि जेमिमा ने 27 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और एक छक्का जड़ा। पूजा वस्त्रकार ने अंत में चार गेंद में दो छक्कों से नाबाद 13 रन बनाए।
बांग्लादेश की ओर से नाहिदा अख्तर ने 24 रन देकर दो विकेट चटकाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)