जरुरी जानकारी | इंडियन ऑयल का शुद्ध लाभ सितंबर तिमाही में 10 गुना बढ़कर 6,227 करोड़ रुपये

नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर भारत की अग्रणी पेट्रोलियम कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) का शुद्ध लाभ सितंबर तिमाही में 10 गुना बढ़कर 6,227.31 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

कंपनी ने कहा कि भंडार पर हुए लाभ और बेहतर कमाई के दम पर उसका एकल शुद्ध लाभ 6,227.31 करोड़ रुपये यानी 6.78 रुपये प्रति शेयर रहा। साल भर पहले कंपनी का शुद्ध लाभ 563.42 करोड़ रुपये रहा।

यह भी पढ़े | PM Modi Inaugurates Arogya Van: गुजरात में PM Modi ने आरोग्य वन का किया उद्घाटन, जानें इसकी खासियत.

कंपनी ने शेयर बाजार से कहा कि सितंबर तिमाही में उसकी ईंधन बिक्री 177 लाख टन रही, जो जून तिमाही से 16 प्रतिशत अधिक है। हालांकि यह साल भर पहले की समान तिमाही के 201.7 लाख टन की तुलना में 12 प्रतिशत कम है।

इस दौरान आईओसी के परिशोधन संयंत्रों ने करीब 140 लाख टन कच्चा तेल का परिशोधन किया। यह जून तिमाही के 130 लाख टन से अधिक लेकिन सितंबर 2019 तिमाही के 175 लाख टन से कम है।

यह भी पढ़े | Coronavirus Cases Update: इंदौर से ज्यादा भोपाल में मिले कोरोना संक्रमित मरीज, राज्य में कुल संक्रमितों का आकड़ा पहुंचा 1.70 लाख के करीब.

कंपनी का परिचालन से प्राप्त राजस्व साल भर पहले के 1.32 लाख करोड़ रुपये की तुलना में कम होकर 1.15 लाख करोड़ रुपये पर आ गया।

कंपनी ने कहा कि निदेशक मंडल ने चालू वित्त वर्ष में एक या अधिक खेप में बांड अथवा डिबेंचर जारी कर 20 हजार करोड़ रुपये तक का कर्ज जुटाने को मंजूरी दे दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)