जरुरी जानकारी | अफ्रीका में 176 अरब डॉलर के ढांचागत निवेश पर भारतीय कंपनियों की नजरः एफकॉन्स

नयी दिल्ली, 14 जून निर्माण एवं इंजीनियरिंग कंपनी एफकॉन्स के प्रबंध निदेशक एस परमसिवन ने बुधवार को कहा कि भारतीय निर्माण कंपनियां अफ्रीका में ढांचागत विकास के लिए 130-176 अरब डॉलर के सालाना निवेश की जरूरत पर गौर कर रही हैं।

परमसिवन ने यहां 'भारत-अफ्रीका वृद्धि भागीदारी' पर आयोजित एक सम्मेलन में कहा कि अफ्रीका में ढांचागत विकास पर 60-160 अरब डालर तक के कोष की कमी है और कई अन्य क्षेत्रों में भी निवेश की गुंजाइश है।

उन्होंने कहा, “हम में से अधिकांश लोग इस पर ध्यान नहीं दे पाए कि पिछले एक दशक में व्यावहारिक रूप से अफ्रीका में लगातार औसतन 80 अरब डालर प्रति वर्ष का निवेश हुआ। यह बेहद अहम आंकड़ा है।”

उन्होंने बताया कि बुनियादी ढांचे में लगभग 47 प्रतिशत निवेश दक्षिण एवं पूर्वी अफ्रीका के बीच हुआ, जबकि लगभग 44 प्रतिशत निवेश पूर्वी और पश्चिमी अफ्रीका में जबकि लगभग आठ प्रतिशत निवेश मध्य अफ्रीका में हुआ।

उन्होंने कहा कि भारतीय कंपनियां अफ्रीका में 130-176 अरब डालर के बीच वार्षिक निवेश की जरूरत देख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रति एक हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 944 किलोमीटर लंबी सड़कों का वैश्विक औसत है लेकिन अफ्रीका में एक हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में सिर्फ 204 किलोमीटर लंबी सड़कें ही हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)