देश की खबरें | भारत 11-13 जून के बीच वाराणसी में जी20 विकास मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा

नयी दिल्ली, 10 जून भारत वाराणसी में रविवार से जी20 समूह के देशों के विकास मंत्रियों की तीन दिवसीय बैठक की मेजबानी करेगा, जिसमें वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला, खाद्य एवं ऊर्जा सुरक्षा चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, 11 से 13 जून तक होने वाली इस बैठक की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विशेष डिजिटल संबोधन देंगे। इस बैठक की अध्यक्षता विदेश मंत्री एस जयशंकर करेंगे।

इसमें कहा गया है कि बैठक में करीब 200 प्रतिनिधियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।

ज्ञात हो कि जी20 समूह का वर्तमान अध्यक्ष होने के नाते भारत इस बैठक की अध्यक्षता कर रहा है।

विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा कि भारत की मेजबानी में जनवरी में आयोजित ‘वॉयस आफ ग्लोबल साउथ सम्मेलन’ के बाद जी20 विकास मंत्रियों की बैठक का आयोजन किया जा रहा है और वाराणसी की बैठक में लिये जाने वाले फैसले टिकाऊ विकास लक्ष्यों पर सितंबर में आयोजित होने वाले संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन में योगदान करेंगे।

बयान के अनुसार, वाराणसी में यह बैठक बढ़ती विकास चुनौतियों के बीच हो रही है, जो आर्थिक मंदी, कर्ज की समस्या, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों, बढ़ती गरीबी एवं असमानता, खाद्य एवं ऊर्जा असुरक्षा, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला बाधित होने और भू-राजनीतिक संघर्षों एवं तनाव के कारण और बढ़ रही है।

मंत्रालय ने कहा कि जी20 विकास मंत्रियों की यह बैठक टिकाऊ विकास लक्ष्यों को हासिल करने में गति प्रदान करने में सामूहिक निर्णय करने पर सहमति बनाने का अवसर प्रदान करेगी।

दीपक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)