भारत ने संघर्ष प्रभावित ईरान से अपने नागरिकों को निकालने के लिए शुरू किया 'ऑपरेशन सिंधु'
इजराइल और ईरान के मध्य बढ़ते तनाव के बीच भारत ने बुधवार को ईरान से भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए 'ऑपरेशन सिंधु' शुरू करने की घोषणा की.
नयी दिल्ली, 18 जून: इजराइल और ईरान के मध्य बढ़ते तनाव के बीच भारत ने बुधवार को ईरान से भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए 'ऑपरेशन सिंधु' शुरू करने की घोषणा की. भारत द्वारा निकासी अभियान शुरू करने के बीच ही, तेहरान के केशवरज स्ट्रीट क्षेत्र में मेडिकल छात्रों के छात्रावास पर हुए हमले में कुछ भारतीय छात्रों के घायल होने की खबरें आईं.
दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास के अधिकारियों ने कहा कि कुछ छात्रों के घायल होने के बाद, ईरानी विदेश मंत्रालय तेहरान में भारतीय मिशन के लगातार संपर्क में है. भारतीय पक्ष की ओर से इस कथित घटना पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई. विदेश मंत्रालय ने कहा, "भारत विदेशों में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है."
ईरान में 4,000 से अधिक भारतीय नागरिक रह रहे हैं और उनमें से आधे छात्र हैं. विदेश मंत्रालय ने कहा कि तेहरान में भारतीय दूतावास ने उत्तरी ईरान से 110 भारतीय छात्रों को निकाला है, तथा मंगलवार को उन्हें सुरक्षित रूप से आर्मेनिया में प्रवेश करने में सहायता की है.
ये छात्र भारतीय दूतावास के मार्गदर्शन में सड़क मार्ग से आर्मेनिया की राजधानी येरेवान पहुंचे.
विदेश मंत्रालय ने बताया, "ये छात्र येरेवान से 18 जून को अपराह्न दो बजकर 55 मिनट पर विशेष उड़ान से रवाना हुए और ऑपरेशन सिंधु के पहले चरण के तहत 19 जून की सुबह नयी दिल्ली पहुंचेंगे." नयी दिल्ली ने ईरान और आर्मेनिया सरकारों का निकासी प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए धन्यवाद भी जताया है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 18, 2025 10:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

