एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | भारत की थॉमस कप में धमाकेदार शुरुआत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने रविवार को यहां जर्मनी को 5-0 से करारी शिकस्त देकर थॉमस कप में अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की।

खेल की खबरें | भारत की थॉमस कप में धमाकेदार शुरुआत

बैंकॉक, आठ मई भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने रविवार को यहां जर्मनी को 5-0 से करारी शिकस्त देकर थॉमस कप में अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की।

विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन ने विश्व में 64वें नंबर के खिलाड़ी मैक्स वीजकिर्चेन पर 21-16, 21-13 से आसान जीत के साथ भारतीयों के लिये शानदार नींव रखी।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की युगल जोड़ी को हालांकि जोन्स राल्फी यानसेन और मार्विन सीडेल के खिलाफ करीब एक घंटे तक चले मैच में 21-15, 10-21, 21-13 से जीत दर्ज करने के लिये तीन गेम तक जूझना पड़ा।

विश्व में 11वें नंबर के खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने धीमी शुरुआत से उबरकर काइ शैफर पर 18-21, 21-9, 21-11 से जीत दर्ज करके भारत को ग्रुप सी के इस मुकाबले में 3-0 की अजेय बढ़त दिला दी।

एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला ने ब्योर्न गीस और जान कॉलिन वोएलकर को दूसरे पुरुष युगल मुकाबले में 25-23, 21-15 से हराया जबकि विश्व में 23वें नंबर के एचएस प्रणय ने मैथियास किकलिट्ज़ को 21-9, 21-9 से पराजित किया जिससे भारत ने जर्मनी का 5-0 से सूपड़ा साफ किया।

टूर्नामेंट में अपने पहले पदक की तलाश में जुटी भारतीय पुरुष टीम के लिये यह शानदार शुरुआत रही। भारत अभी तक कभी थॉमस कप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंचा है। पिछले साल भारतीय टीम क्वार्टरफाइनल से आगे नहीं बढ़ पायी थी।

भारतीय महिला टीम उबर कप के ग्रुप डी में कनाडा के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2022 02:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).