देश की खबरें | भारत-सऊदी अरब द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास सफलतापूर्वक आयोजित किया गया

नयी दिल्ली, 27 मई भारतीय नौसेना और रॉयल सऊदी नेवल फोर्स (आरएसएनएफ) के बीच द्विपक्षीय अभ्यास ‘अल मोहेद अल हिंदी-2023’ के दूसरे संस्करण के समुद्री चरण का सफलतापूर्व आयोजन किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि यह अभ्यास 23 से 25 मई तक सऊदी अरब के अल जुबैल में आयोजित किया गया।

भारतीय नौसेना ने एक बयान में कहा, “भारत की ओर से इस अभ्यास में आईएनएस तरकश, आईएनएस सुभद्रा और डोर्नियर मैरीटाइम पेट्रोल एयरक्राफ्ट (एमपीए) ने हिस्सा लिया।”

बयान के मुताबिक, “आरएसएनएफ का प्रतिनिधित्व एचएमएस बद्र, एचएमएस अब्दुल अजीज, एमएच 60आर हेलो और यूएवी (मानवरहित हवाई यान) ने किया।”

अधिकारियों ने बताया कि इस तीन दिवसीय अभ्यास के दौरान समुद्र में अभियान चलाने की व्यापक क्षमता को परखा गया।

उन्होंने कहा कि इस अभ्यास का समापन समुद्र में ‘डीब्रीफ’ (अभ्यास पूरा होने पर सवाल-जवाब) के साथ हुआ और उसके बाद पारंपरिक ‘स्टीम पास्ट’ आयोजित किया गया।

अधिकारियों के अनुसार, ‘अल मोहेद अल हिंदी-2023’ के सफल आयोजन ने दोनों नौसेनाओं के बीच उच्च स्तर के पेशवराना अंदाज, अंतर-परिचालन क्षमता और सर्वश्रेष्ठ तकनीक के आदान-प्रदान को प्रदर्शित किया।

उन्होंने बताया कि यह द्विपक्षीय अभ्यास अपने सभी उद्देश्यों पर खरा उतरा और दोनों देश अगले संस्करण में इसे और उन्नत स्तर पर करने का इरादा रखते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)