विदेश की खबरें | ब्रिक्स में विस्तार संबंधी महत्वपूर्ण घटनाक्रम में भारत ने निभाई अहम भूमिका
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पांच देशों के समूह ब्रिक्स में नए सदस्यों के चयन में सर्वसम्मति बनाने में भारत ने अहम भूमिका निभाई है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
जोहानिसबर्ग, 23 अगस्त पांच देशों के समूह ब्रिक्स में नए सदस्यों के चयन में सर्वसम्मति बनाने में भारत ने अहम भूमिका निभाई है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को ‘लीडर्स रिट्रीट’ के दौरान ब्रिक्स में विस्तार के संबंध में अहम उपलब्धि हासिल हुई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, चीन, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील के अपने समकक्षों के साथ ‘लीडर्स रिट्रीट’ में शामिल हुए।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ब्रिक्स के वार्षिक शिखर सम्मेलन में शमिल होने के लिए यहां नहीं आए हैं।
ब्रिक्स पांच विकासशील देशों का समूह है जो विश्व की 41 प्रतिशत आबादी, 24 प्रतिशत वैश्विक जीडीपी और 16 प्रतिशत वैश्विक कारोबार का प्रतिनिधित्व करता है।
सूत्रों ने बताया कि भारत ने ब्रिक्स में सदस्यता मानदंडों पर सर्वसम्मति बनाने तथा नए सदस्यों के चुनाव में अहम भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि भारत के प्रयास नए सदस्यों के तौर पर रणनीतिक साझेदारों को शामिल करने के नयी दिल्ली के उद्देश्य पर आधारित हैं।
वार्षिक शिखर सम्मेलन में ब्रिक्स का विस्तार एक प्रमुख विषय है।
विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने सोमवार को कहा था कि विभिन्न देश इस गुट में शामिल होने के इच्छुक हैं।
क्वात्रा ने कहा था कि 23 देशों ने ब्रिक्स में शामिल होने के लिए अर्जियां दी हैं। ईरान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और अर्जेंटीना समूह की सदस्यता के लिए मजबूत दावेदार के तौर पर उभरे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)