जोधपुर/नयी दिल्ली, 19 दिसंबर राजस्थान की लोंगेवाला चौकी पर 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अदम्य साहस और असाधारण वीरता दिखाने वाले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के पूर्व जवान (सैनिक) भैरों सिंह राठौड़ का सोमवार को जोधपुर में निधन हो गया।
वह 81 वर्ष के थे।
भारत-पाकिस्तान के इस युद्ध पर बनी बॉलीवुड की लोकप्रिय फिल्म 'बॉर्डर' में अभिनेता सुनील शेट्टी ने उनका किरदार निभाया था।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने एक ट्वीट किया, ‘‘जांबाज भैरों सिंह राठौड़ ने आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)-जोधपुर में अंतिम सांस ली। बीएसएफ के महानिदेशक और सभी रैंकों के अधिकारियों ने 1971 के युद्ध के दौरान लोंगेवाला युद्ध के हीरो एवं सेना पदक से सम्मानित नायक (सेवानिवृत्त) भैरों सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। बीएसएफ उनकी बहादुरी, साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण को सलाम करता है। ’’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भैरों सिंह राठौड़ के निधन पर दुख जताया है।
मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘ नायक (सेवानिवृत्त) भैरों सिंह जी को हमारे राष्ट्र के लिए उनकी सेवा के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने हमारे देश के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मोड़ पर महान साहस दिखाया। उनके निधन से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। ओम शांति। ’’
अमित शाह ने भैरों सिंह राठौड़ के साथ पिछले वर्ष दिसंबर में हुई अपनी एक मुलाकात का उल्लेख करते हुए ट्वीट किया, ‘‘ पिछले वर्ष अपने जैसलमेर के प्रवास पर भैरों सिंह राठौड़ जी से भेंट हुई थी, मातृभूमि के लिए प्रेम और देशभक्ति की जो ज्वाला उनके दिल में थी, वो सचमुच अद्वितीय थी। उनकी शौर्यगाथा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। ईश्वर उनके परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति। ’’
केंद्रीय गृह मंत्री ने एक अन्य ट्वीट किया, ‘‘ वर्ष 1971 के युद्ध के नायक भैरों सिंह राठौड़ जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। लोंगेवाला चौकी पर सेना के साथ बीएसएफ की एक छोटी सी टुकड़ी का नेतृत्व करते हुए उन्होंने अपने पराक्रम से दुश्मन को परास्त कर भारत माता का मस्तक ऊँचा किया। उनकी वीरता पर हर भारतीय को हमेशा गर्व रहेगा। ’’
भैरों सिंह राठौड़ के बेटे सवाई सिंह ने शनिवार को ‘पीटीआई-’ को बताया था कि उनके पिता को तबीयत बिगड़ने और उनके अंगों में लकवा लगने के बाद 14 दिसंबर को जोधपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY