एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | सूर्यकुमार और राहुल की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से भारत ने खड़ा किया विशालकाय स्कोर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. सूर्यकुमार यादव और सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल की आक्रामक अर्धशतकीय पारियों की दम पर भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में तीन विकेट पर 237 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

खेल की खबरें | सूर्यकुमार और राहुल की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से भारत ने खड़ा किया विशालकाय स्कोर

गुवाहाटी, दो अक्टूबर सूर्यकुमार यादव और सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल की आक्रामक अर्धशतकीय पारियों की दम पर भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में तीन विकेट पर 237 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

सूर्यकुमार यादव ने 22 गेंद में 61 रन की पारी के दौरान पांच छक्के और इतने ही चौके जड़े। उन्होंने 18 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया जो भारत की ओर से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। उन्होंने इसके साथ ही विराट कोहली (नाबाद 49) के साथ तीसरे विकेट के लिए 43 गेंद में 102 रन की साझेदारी की।

कोहली ने 28 गेंद की नाबाद पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने इस दौरान टी20 करियर (घरेलू और अंतरराष्ट्रीय) में 11000 रन पूरे किये। उनके नाम अब 11030 रन है।

इससे पहले राहुल ने 28 गेंद की पारी में पांच चौके और चार छक्के की मदद से 57 रन बनाने के साथ शुरुआती विकेट के लिए कप्तान रोहित शर्मा (37 गेंद में 43 रन) के साथ 10 ओवर के अंदर 96 रन की साझेदारी कर टीम को शानदार शुरुआत दिलायी।

आखिरी ओवर में दिनेश कार्तिक (सात गेंद में नाबाद 17 रन) ने कागिसो रबाडा के खिलाफ चौका और फिर दो छक्के जड़कर टीम के स्कोर को 237 तक पहुंचाया।

भारतीय टीम ने अपनी पारी में 25 चौके और 13 छक्के लगाये। दक्षिण अफ्रीका के लिए केशव महाराज ने चार ओवर में महज 23 रन दिये और दो विकेट चटकाये। रबाडा, वेन पार्नेल और लुंगी एनगिडी ने चार-चार ओवर के अपने कोटे में क्रमश:  57, 54 और 49 रन लुटाये। एनरिच नोर्खिया ने तीन ओवर में 41 रन दिये।

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर पिछले कुछ मैचों में धीमी पारी के लिए आलोचना झेलने वाले राहुल ने पहली गेंद पर ही रबाडा के खिलाफ चौका जड़ा।

श्रृंखला के पहले मैच में खाता खोलने में नाकाम रहे रोहित को दूसरे ओवर में जीवनदान मिला जब वेन पार्नेल की गेंद उनके दस्तानों में लगकर स्लिप के क्षेत्ररक्षक के ऊपर से चार रनों के लिए चल गयी। उन्होंने तीसरे ओवर में गेंदबाजी के लिए आये एनगिडी के खिलाफ टीम का पहला छक्का जड़ा।

दोनों ने इसके बाद पार्नेल, रबाडा और केशव महाराज के अगले तीन ओवरों में आक्रामक रूख अख्तियार कर पावरप्ले में टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 57 रन कर दिया।

पावरप्ले के बाद भी राहुल की आक्रामक बल्लेबाजी जारी रही। उन्होंने सातवें और नौवें ओवर में नोर्खिया के खिलाफ छक्का जड़ा। नौवें ओवर में नोर्खिया के खिलाफ दोनों 21 रन बटोरे जिसमें रोहित ने भी दो चौका लगाया।

रोहित 10वें ओवर में महाराज की गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर स्टब्स के द्वारा लपके गये।

उन्होंने 37 गेंद की पारी में सात चौकों के साथ एक छक्का लगाया।

राहुल ने अगले ओवर में एडेन मार्कराम के खिलाफ छक्का जड़कर 24 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह हालांकि पारी के 12वें ओवर में महाराज का दूसरा शिकार बने।

इसके बाद क्रीज पर विराट कोहली की मौजूदगी में सूर्यकुमार यादव ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के सभी गेंदबाजों के खिलाफ मनमाफिक रन बटोरे जिसमें 15वें ओवर में रबाडा के खिलाफ दो छक्के और इतने ही चौके जड़े। इस ओवर से 22 रन बने।

सूर्यकुमार ने 17वें ओवर में पार्नेल के खिलाफ दो छक्का लगाकर 18 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में इस साल का उनका 50वां छक्का था और वह सूची में शीर्ष पर है। इसी ओवर में कोहली ने भी छक्का और फिर दो चौके जड़े। टीम ने पार्नेल के इस ओवर से 23 रन बटोरे।

पारी के 19वें ओवर में सूर्यकुमार कोहली के साथ गफलत का शिकार होकर रन आउट हो गये। उन्होंने कोहली के साथ 42 गेंद में 102 रन की साझेदारी की। कोहली ने दो चौके लगाकर टीम की रनगति को बनाये रखने की कोशिश की।

क्रीज पर आये कार्तिक ने रबाडा के खिलाफ आखिरी ओवर में लगातार दो छक्के जड़कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।

मैदान में एक्सट्रा कवर क्षेत्र पर एक सांप निकलने के कारण खेल पांच मिनट तक रोकना पड़ा। मैदानकर्मी ने बाल्टी की मदद से सांप को मैदान से बाहर किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 02, 2022 09:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).