जरुरी जानकारी | परिधान निर्यात में भारत के पास पूरी मूल्य शृंखलाः एईपीसी

नयी दिल्ली, 27 जून परिधान निर्यात प्रोत्साहन परिषद (एईपीसी) के चेयरमैन नरेन गोयनका ने मंगलवार को कहा कि कपड़ा क्षेत्र में व्यापक संभावनाओं से भरपूर भारत परिधान क्षेत्र में कच्चे माल से लेकर फैशन तक की समूची मूल्य शृंखला की पेशकश दुनिया के सामने करता है।

गोयनका ने कहा कि राजधानी से सटे नोएडा में आयोजित 'भारत अंतरराष्ट्रीय परिधान मेला' (आईआईजीएफ) देश भर के छोटे एवं मझोले निर्यातकों के लिए प्रत्यक्ष विपणन का एक मंच मुहैया कराता है। इस मेले में 300 कारोबारी अपने उत्पादों को प्रदर्शित कर रहे हैं और 2,500 से भी अधिक विदेशी खरीदार एवं उनके एजेंट इसका हिस्सा बन रहे हैं।

परिधान एवं फैशन क्षेत्र में लगी सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम इकाइयों (एमएसएमई) को एक मंच पर लाने वाला यह एशिया का सबसे बड़ा परिधान मेला है। इस दौरान कई सौदों की बुकिंग प्रक्रिया भी शुरू होती है।

इस मौके पर गोयनका ने कहा कि वर्ष 2025 में वैश्विक परिधान बाजार के 1.9 लाख करोड़ डॉलर हो जाने की संभावना को देखते हुए आईआईजीएफ एक बड़ा अवसर मुहैया कराता है।

उन्होंने कहा, "भारत कच्चे माल से फैशन तक की पूरी मूल्य शृंखला समाधान दुनिया के सामने पेश करता है। भारत को अपने खरीदारों तक पहुंचने में कम समय लगने से प्रतिस्पर्द्धात्मक बढ़त मिल जाती है। इस रिश्ते को मजबूत करने में इस व्यापार मेले जैसे आयोजन अहम भूमिका निभाते हैं।"

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)