एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | भारत की निगाहें वनडे श्रृंखला कब्जाने पर, राहुल और जडेजा पर होंगी नजरें

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय टीम रविवार को जब दूसरे वनडे में आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने उतरेगी तो फिर से सभी की नजरें लोकेश राहुल और रविंद्र जडेजा पर लगी होंगी जिसमें नियमित कप्तान रोहित शर्मा भी टीम की अगुआई के लिये वापसी करेंगे जो मुंबई में पहला मैच नहीं खेल पाये थे।

खेल की खबरें | भारत की निगाहें वनडे श्रृंखला कब्जाने पर, राहुल और जडेजा पर होंगी नजरें

विशाखापत्तनम, 18 मार्च भारतीय टीम रविवार को जब दूसरे वनडे में आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने उतरेगी तो फिर से सभी की नजरें लोकेश राहुल और रविंद्र जडेजा पर लगी होंगी जिसमें नियमित कप्तान रोहित शर्मा भी टीम की अगुआई के लिये वापसी करेंगे जो मुंबई में पहला मैच नहीं खेल पाये थे।

भारत ने वानखेडे स्टेडियम में आस्ट्रेलिया को कम स्कोर वाले मैच में पांच विकेट से पराजित किया था जिसमें राहुल ने नाबाद 75 रन की संयमित पारी खेली थी। वह बॉर्डर-गावस्कर श्रृंखला के दौरान फॉर्म हासिल करने में जूझते दिखे थे जिससे उन्हें तीसरे और चौथे टेस्ट से बाहर कर दिया गया था।

जडेजा भी घुटने की चोट और फिर हुई सर्जरी के कारण करीब आठ महीने के बाद वनडे क्रिकेट खेल रहे थे, उन्होंने शुक्रवार को नाबाद 45 रन बनाये थे। उन्होंने साथ ही कसी गेंदबाजी करते हुए 46 रन देकर दो विकेट झटके जिससे ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने।

भारत इस साल वनडे विश्व कप की मेजबानी कर रहा है और फॉर्म में चल रहे राहुल और पूरी तरह से फिट जडेजा टीम के लिये महत्वपूर्ण होंगे। तीन मैचों की यह श्रृंखला चयनकर्ताओं को इन दोनों की प्रगति का आकलन करने में मदद करेगी।

वहीं भारतीय टीम इस मुकाबले में जीत से श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करना चाहेगी और बल्लेबाजी में भी सुधार करना चाहेगी क्योंकि एक समय टीम ने 39 रन तक चार विकेट गंवा दिये थे और बाद में स्कोर पांच विकेट पर 83 रन हो गया था जिसके बाद राहुल और जडेजा ने मिलकर मेजबान टीम को 61 गेंद रहते जीत दिलायी थी।

कप्तान रोहित शर्मा की वापसी से निश्चित रूप से शीर्ष क्रम मजबूत होगा जो आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क की रफ्तार और ‘वैरिएशन’ के आगे पस्त हो गया था।

मार्कस स्टोइनिस ने इशान किशन को तीन रन पर आउट कर दिया था। फिर स्टार्क ने तीन विकेट झटक लिये थे जिससे भारत काफी दबाव में आ गया था। विराट कोहली (04), सूर्यकुमार यादव (शून्य) और शुभमन गिल (20) जल्दी पवेलियन लौट गये थे।

भारतीय बल्लेबाज आस्ट्रेलिया के बायें हाथ के तेज गेंदबाजों के खिलाफ कभी कभार परेशानी में दिख रहे थे और बचे हुए दो मैचों में स्टार्क का सामना करने से उन्हें घरेलू परिस्थितियों में अच्छा अभ्यास मुहैया करायेगा क्योंकि ध्यान अक्टूबर-नवंबर में होने वाले विश्व कप के लिये तैयारियां करने पर लगा होगा।

रोहित पारी का आगाज करेंगे जिससे किशन को नियमित कप्तान के लिये जगह बनानी होगी।

कोहली और गिल के पहले वनडे में कम स्कोर बनाने को लेकर ज्यादा चिंता की जरूरत नहीं है लेकिन सूर्यकुमार यादव 50 ओवर के प्रारूप में अपनी लय हासिल नहीं कर पा रहे हैं जो चिंता का कारण बन सकता है।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में विस्फोटकीय बल्लेबाजी के लिये मशहूर सूर्यकुमार अब भी वनडे में वैसी ख्याति अर्जित नहीं कर पाये हैं। इस साल सभी पांच वनडे में वह अर्धशतक नहीं जड़ पाये हैं।

श्रेयस अय्यर की वापसी के लिये कोई समयसीमा निर्धारित नहीं है, भारत चौथे नंबर के लिये सूर्यकुमार पर बरकरार रहेगा।

भारत के गेंदबाजों ने मुंबई में शानदार प्रदर्शन किया जिसमें तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज ने तेज गेंदबाजों की मददगार पिच पर बेहतरीन गेंदबाजी की। लेकिन कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव प्रभावित नहीं कर सके।

हालांकि टीम प्रबंधन के गेंदबाजी लाइन अप में छेड़छाड़ करने की उम्मीद नहीं है जिसमें हार्दिक पंड्या तीसरे तेज गेंदबाज की भूमिका निभायेंगे।

दूसरे वनडे के लिये मौसम की भविष्यवाणी आंधी के साथ बारिश की है जिसका मतलब है कि दोनों टीमों के तेज गेंदबाज गेंद को स्विंग कर सकते हैं।

आस्ट्रेलिया भी श्रृंखला के दौरान अलग संयोजन आजमाने की कोशिश करेगा। शुक्रवार को वे चार आलराउंडर - मिशेल मार्श, कैमरन ग्रीन, मार्कस स्टोइनिस और ग्लेन मैक्सवेल - के साथ उतरे थे। इससे वे भारत को ज्यादा परेशान नहीं कर सके थे जो कप्तान स्टीव स्मिथ के लिये चिंता की बात होगी।

टीमें :

भारत:

रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, लोकेश राहुल(विकेटकीपर), ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक, शारदुल ठाकुर , अक्षर पटेल, जयदेव उनादकट।

ऑस्ट्रेलिया: स्टीव स्मिथ (कप्तान), डेविड वार्नर, ट्रेविस हेड, मार्नुस लाबुशेन, मिशेल मार्श, मार्कस स्टोइनिस, एलेक्स कैरी, ग्लेन मैक्सवेल, कैमरून ग्रीन, जोश इंग्लिस, सीन एबॉट, एश्टन एगर, मिशेल स्टार्क, नाथन एलिस, एडम जम्पा।

मैच दोपहर एक बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 18, 2023 01:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).