नयी दिल्ली, 14 जून भारत में एनिमेशन फिल्म महोत्सव की मेजबानी की संभावनाएं तलाशने के लक्ष्य से सूचना एवं प्रसारण सचिव अपूर्व चन्द्रा ने द एनेसी इंटरनेशनल एनिमेशन फेस्टिवल (एआईएएफ) के निदेशक माइकल मरिन से मुलाकात की।
चन्द्रा के नेतृत्व में एनीमेशन उद्योग की प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ भारतीय प्रतिनिधिमंडल एआईएएफ में वैश्विक दर्शकों के समक्ष एनीमेशन और वीएफएक्स विषय सामग्री तैयार करने के क्षेत्र में देश की क्षमता का प्रदर्शन करने फ्रांस पहुंचा है।
चन्द्रा ने कहा, ‘‘भारत एनिमेशन, गेमिंग, विज़ुअल इफेक्ट्स और कॉमिक्स (एवीजीसी) के क्षेत्र में, विश्व स्तरीय तकनीकों और अभिनव प्रौद्योगिकियों को अपना कर बेहद प्रतिभाशाली पेशेवरों की मदद से तेजी से प्रगति कर रहा है।’’
उन्होंने कहा कि भारत उन कुछ देशों में से एक है, जो भारत में एवीजीसी कंटेंट बनाने के लिए विदेशी कंपनियों को नकद प्रोत्साहन राशि देते हैं।
चन्द्रा ने कहा, ‘‘यह प्रोत्साहन भारत में फिल्मों की शूटिंग के लिए दिये जाने वाले प्रोत्साहन के समान है। एक देश के रूप में, हम उद्योग को प्रोत्साहन प्रदान करने तथा भारत में प्रोडक्शन-पूर्व गतिविधियों को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
महोत्सव में चन्द्रा और मरिन ने मुलाकात के दौरान एनेसी में भारत के जुड़ाव को मजबूत करने तथा भारत में एनीमेशन फिल्म महोत्सव के आयोजन के लिए भारत और फ्रांस के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
सूचना एवं प्रसारण सचिव चन्द्र ने ‘इंडिया पवेलियन’ का उद्घाटन किया, जिसे ‘सरस्वती यंत्र’ के विषय पर डिजाइन किया गया है। उन्होंने भारतीय रचनात्मक समुदाय के उन सदस्यों के साथ भी बातचीत की, जिन्होंने 2023 में प्रतिष्ठित एनेसी फेस्टिवल प्रतियोगिता में प्रतिभागी प्रविष्टियाँ जीती हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY