देश की खबरें | भारत एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में जीत के बाद एफआईएच रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंचा

नयी दिल्ली, 13 अगस्त एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी)  में खिताबी जीत के बाद भारतीय हॉकी टीम रविवार को एफआईएच (अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ) की नवीनतम रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंच गयी है।

एशियाई खेलों से पहले रैंकिंग में इस सुधार से भारतीय टीम का हौसला बढ़ेगा।

भारत (2771.35 अंक) इंग्लैंड (2763.50 अंक) को पछाड़ कर एक स्थान के सुधार के साथ तीसरे स्थान पर पहुंचा। इस रैंकिंग में नीदरलैंड (3095.90 अंक) पहले और बेल्जियम (2917.87 अंक) दूसरे स्थान पर हैं।

यह दूसरी बार है जब भारत एफआईएच रैंकिंग में तीसरे पायदान पर पहुंचा। भारतीय टीम ने 2021 में तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक हासिल करने के बाद यही रैंकिंग हासिल की थी। तोक्यो में भारत ने ओलंपिक में पदक के 41 साल के सूखे को खत्म किया था।

हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने दो गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करके शनिवार को मलेशिया को 4-3 से हराकर चौथी बार एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता का खिताब जीता और 23 सितंबर से होने वाले हांगझोउ एशियाई खेलों के लिए अपनी तैयारियों का पुख्ता सबूत पेश किया।

एसीटी की उपविजेता मलेशिया नौवें स्थान पर बरकरार है। इस रैंकिंग में कोरिया 11वें, पाकिस्तान 16वें स्थान पर है। टूर्नामेंट में तीसरी स्थान पर रही जापान की टीम रैंकिंग में एक स्थान के सुधार के साथ 18वें स्थान पर पहुंच गयी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)