IND Beat AUS 2nd T20I 2023: भारत ने रिकॉर्ड स्कोर बनाने के बाद ऑस्ट्रेलिया को 44 रन से हराया, सीरीज में 2-0 से बनाई बढ़त, बल्लेबाजो के बाद गेंदबाजों ने भी किया तांडव

रुतुराज गायकवाड़ (43 गेंद में 58 रन), यशस्वी जायसवाल (25 गेंद में 53 रन) और इशान किशन (32 गेंद में 52 रन) की अर्धशतकीय पारियों के बाद रवि बिश्नोई की अगुवाई में गेंदबाजों के दमखम से भारत ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में रविवार को यहां ऑस्ट्रेलिया को 44 रन से शिकस्त देकर पांच मैचों की श्रृंखला के दो 2-0 की बढ़त बना ली।

यशस्वी जयसवाल और रुतुराज गायकवाड़ (Photo Credits: Twitter)

IND Beat AUS 2nd T20I 2023: तिरुवनंतपुरम, 26 नवंबर रुतुराज गायकवाड़ (43 गेंद में 58 रन), यशस्वी जायसवाल (25 गेंद में 53 रन) और इशान किशन (32 गेंद में 52 रन) की अर्धशतकीय पारियों के बाद रवि बिश्नोई की अगुवाई में गेंदबाजों के दमखम से भारत ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में रविवार को यहां ऑस्ट्रेलिया को 44 रन से शिकस्त देकर पांच मैचों की श्रृंखला के दो 2-0 की बढ़त बना ली. इन तीनों की अर्धशतकीय पारी के बाद रिंकू सिंह ने नौ गेंद में चार चौके और दो छक्के की मदद से नाबाद 31 रन बनाये जिससे भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस प्रारूप का अपना सबसे बड़ा स्कोर चार विकेट पर 235 रन बनाया। टी20 में अपना पांचवां सबसे बड़ा स्कोर बनाने के बाद भारत ने ऑस्ट्रेलिया की पारी को 20 ओवर में नौ विकेट पर 191 रन पर रोक दिया. यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे T20I लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान जियो सिनेमा ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, व्यूअरशिप पहुंची 15 करोड़ से अधिक, फैंस हैरान, देखें Tweets

ऑस्ट्रेलिया के लिए मार्कस स्टोइनिस (25 गेंद में 45 रन) और टिम डेविड (22 गेंद में 37 रन) ने पांचवें विकेट के लिए 38 गेंद में 81 रन जोड़कर भारत की परेशानियों को बढ़ाया लेकिन लगातार ओवरों में दोनों के आउट होने से मैच पर उनकी पकड़ ढीली हो गयी. कप्तान मैथ्यू वेड ने नाबाद 42 रन बनाये लेकिन यह टीम के लिए काफी नहीं था.

भारत के लिए बिश्नोई ने चार ओवर में 32 रन देकर तीन अहम विकेट लिये। प्रसिद्ध कृष्णा ने भी तीन विकेट लिये जबकि मुकेश कुमार, अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिये. अक्षर ने अपने चार ओवर में सिर्फ 25 रन दिये.

भारत के लिए रुतुराज ने तीन चौके और दो छक्के की मदद से 58 रन बनाने के साथ यशस्वी जायसवाल के साथ पहले विकेट के लिए 35 गेंद 77 और इशान के साथ दूसरे विकेट के लिए 58 गेंद में 87 रन की साझेदारी की।

जायसवाल ने नौ चौके और दो छक्के जबकि इशान तीन चौके और चार छक्के जड़े. ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथल एलिस ने चार ओवर में 45 रन देकर तीन विकेट लिये. लक्ष्य का पीछा करते हुए मैथ्यू शॉर्ट (10 गेंद में 19 रन) ने शुरुआती दो ओवर में चार चौके जड़कर ऑस्ट्रेलिया को शानदार शुरुआत दिलायी लेकिन रवि बिश्नोई ने तीसरे ओवर में उन्हें और पांचवें ओवर में पिछले मैच के शतकवीर जोश इंग्लिस (चार गेंद में दो रन) को आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलायी.

अक्षर ने ग्लेन मैक्सवेल (आठ गेंद में 12 रन) को पवेलियन भेजा जिससे पावरप्ले के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 53 रन था. अपने पहले ओवर में स्टीव स्मिथ (16 गेंद में 19 रन) से छक्का खाने वाले प्रसिद्ध कृष्णा ने दूसरे स्पैल में पारी के आठवें ओवर में इस अनुभवी बल्लेबाज को चलता किया.

स्टोइनिस ने नौवें ओवर में बिश्नोई के खिलाफ लगातार दो छक्के लगाकर जबकि टिम डेविड ने अगले ओवर में मुकेश कुमार ने खिलाफ लगातार तीन चौके और फिर छक्के के साथ मैच में ऑस्ट्रेलिया की वापसी करायी। ऑस्ट्रेलिया ने इस ओवर से 22 रन बटोर कर रनों का शतक पूरा किया. अर्शदीप सिंह की गेंद पर स्टोइनिस का शॉट बाउंड़ी पर तिलक वर्मा के हाथों से झटककर छह रन के लिए चल गया। इस बल्लेबाज ने जीवनदान का फायदा उठाते हुए फिर से गेंद को दर्शकों के पास भेजा.

बिश्नोई ने 14वें ओवर में डेविड की आक्रामक पारी को खत्म किया तो वही मुकेश ने अगले ओवर में स्टोइनिस को आउट कर मैच पर भारत का दबदबा बनाया. कृष्णा ने इसके बाद सीन एबोट और नाथन एलिस जबकि अर्शदीप ने यॉर्कर पर एडम जम्पा के विकेटों को उखाड़ा. कप्तान वेड ने आखिरी ओवरों में चार छक्के लगाये लेकिन तब तक मैच ऑस्ट्रेलिया के हाथों से निकल चुका था.

इससे पहले जायसवाल और रूतुराज की जोड़ी ने भारत को तेज तर्रार शुरुआत दिलायी. रुतुराज ने स्टोइनिस के पहले ओवर में चौका लगाया लेकिन बाये हाथ बल्लेबाज जायसवाल ज्यादा आक्रामक रहे. उन्होंने तीसरे ओवर में मैक्सवेल के खिलाफ दो चौके लगाने के बाद चौथे ओवर में सीन एबोट के खिलाफ लगातार तीन चौके और दो छक्के जड़े.

उन्होंने इस गेंदबाज के अगले ओवर में फिर से हैट्रिक चौका जड़ महज 24 गेंद में अपना पचासा पूरा किया। वह इसी ओवर में एक और आक्रामक शॉट खेलने के चक्कर में वह एडम जम्पा को कैच देकर पवेलियन लौटे.

पावरप्ले में भारत का स्कोर एक विकेट पर 77 रन था और अब ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों ने रन रोकने पर ध्यान दिया. इशान ने स्टोइनिस के खिलाफ 12वें ओवर में छक्का लगाने के बाद 14वें ओवर में मैक्सवेल के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर रनगति को तेज किया। इसी ओवर में रुतुराज ने भी छक्का लगाया जिससे टीम ने 23 रन बटोरे. इशान ने अगले ओवर में तनवीर संघा के खिलाफ दो छक्के लगाकर टीम के 150 रन करने के साथ 29 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया.

वह स्टोइनिस की ऑफ स्टंप से काफी बाहर की गेंद पर छक्का लगाने की कोशिश में बाउंड्री के पास लपके गये.

कप्तान सूर्यकुमार यादव (10 गेंद में 19 रन) ने क्रीज पर आते ही पहली गेंद पर छक्का लगाकर खाता खोला. उन्होंने जम्पा की गेंद पर गेंदबाज के ऊपर से आकाशीय शॉट खेल गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया.

दूसरे छोर से संयमित बल्लेबाजी कर रहे रुतुराज ने 18वें ओवर में एलिस की गेंद पर दो रन के साथ 39 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसी ओवर में सूर्यकुमार यादव की पारी का अंत हुआ.

रिंकू ने 19वें ओवर में एबोट के खिलाफ तीन चौके और दो छक्के लगाकर टीम को स्कोर को 200 के पार पहुंचाया.

जायसवाल अंतिम ओवर में छक्का लगाकर आउट हुए लेकिन तिलक वर्मा (नाबाद सात) ने अपनी पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया. भारतीय टीम ने आखिरी सात ओवर में 111 रन बटोरे.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

PBKS vs RCB, IPL 2026 61st Match Stats And Preview: पंजाब किंग्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मुकाबले के बीच आज होगा रोमांचक मुकाबला, आज के मैच में बन सकते हैं ये अनोखे रिकॉर्ड

PBKS vs RCB, IPL 2026 61st Match Key Players To Watch Out: आज पंजाब किंग्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होगा हाईवोल्टेज मुकाबला, इन स्टार खिलाड़ियों पर रहेंगी सबकी निगाहें

PBKS vs RCB, IPL 2026 61st Match Toss Winner Prediction: धर्मशाला में पंजाब किंग्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें कौनसी टीम मार सकती हैं बाजी

PBKS vs RCB Stats In IPL: आईपीएल इतिहास में एक दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा हैं पंजाब किंग्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आकंड़ें