नयी दिल्ली, 14 सितंबर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे की कवायद के बीच यह जानकारी सामने आई है कि किसी प्रदेश में ऐसी पार्टी का प्रतिनिधि गठबंधन के घटक दलों के बीच सीट संबंधी तालमेल में ‘सेतु’ का काम कर सकता है जिसका उस संबंधित राज्य में कोई सीधा हित न जुड़ा हो।
इस संबंध में एक प्रमुख विपक्षी दल से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि किसी राज्य में सबसे मजबूत पार्टी कौन है, इसका फैसला करने का आधार पिछले चुनावों के नतीजे होंगे।
विपक्षी दल अपनी बातचीत में राज्य स्तर पर फॉर्मूले को अंतिम रूप देंगे, लेकिन यह पिछले लोकसभा चुनाव या पिछले विधानसभा चुनाव या दोनों के नतीजों पर आधारित होगा।
सूत्रों ने कहा कि ऐसे राज्यों में जहां साझेदारों के बीच पहले कोई गठबंधन नहीं रहा है या ऐसे मामलों में जहां बातचीत बाधित हो सकती है, वहां गठबंधन में उस पार्टी का एक प्रतिनिधि सेतु का काम करेगा जिसका संबंधित राज्य में कोई हित नहीं होगा।
वहीं, एक अन्य सूत्र ने कहा कि जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, बिहार और तमिलनाडु जैसे राज्यों में सीट-बंटवारे पर बातचीत पहले से ही जारी है, जहां राज्य में ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दल पहले से ही साझेदार हैं।
अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुकाबला करने के लिए दो दर्जन से अधिक विपक्षी दलों ने ‘इंडिया’ का गठन किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY