एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | भारत शुल्क में कटौती करने पर सहमत हुआ: ट्रंप

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत अपने शुल्क में ‘पर्याप्त’ कटौती करने के लिए सहमत हो गया है, क्योंकि ‘भारत अमेरिका पर बहुत अधिक शुल्क लगाता है, जिससे वहां उत्पाद बेचना मुश्किल हो जाता है।’

जरुरी जानकारी | भारत शुल्क में कटौती करने पर सहमत हुआ: ट्रंप

न्यूयॉर्क/वाशिंगटन, आठ मार्च अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत अपने शुल्क में ‘पर्याप्त’ कटौती करने के लिए सहमत हो गया है, क्योंकि ‘भारत अमेरिका पर बहुत अधिक शुल्क लगाता है, जिससे वहां उत्पाद बेचना मुश्किल हो जाता है।’

ट्रंप ने शुक्रवार को ओवल ऑफिस (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक कार्यालय) से दिए बयान में कहा, “आर्थिक, वित्तीय और व्यापारिक दृष्टिकोण से हमारे देश को दुनिया के लगभग हर देश ने पूरी तरह से ठगा है।”

उन्होंने कहा, “कनाडा, मेक्सिको और फिर आप सीधे लाइन में चले जाइए। भारत हम पर बहुत ज्यादा शुल्क लगाता है, बहुत ज्यादा। आप भारत में कुछ भी नहीं बेच सकते। यह लगभग, यह लगभग प्रतिबंधात्मक है। यह प्रतिबंधात्मक है। हम अंदर बहुत कम व्यापार करते हैं।”

ट्रंप ने कहा, “वैसे, वे इस बात पर सहमत हो गए हैं कि अब वे अपने शुल्क में कटौती करना चाहते हैं, क्योंकि अब कोई तो उनके किए की पोल खोल रहा है।”

उन्होंने कहा, “चीन के साथ भी यही बात है। अन्य कई देशों के साथ भी यही बात है, तथा यूरोपीय संघ इस देश का बहुत ज्यादा दुरुपयोग कर रहा है।”

ट्रंप की यह टिप्पणी उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल की उनके अमेरिकी समकक्ष हॉवर्ड लुटनिक के साथ व्यापार वार्ता के लिए अमेरिका यात्रा के बाद आई है।

ट्रंप ने इस सप्ताह तीसरी बार भारत द्वारा लगाए गए उच्च शुल्क की आलोचना की है।

इससे पहले बृहस्पतिवार को ट्रंप ने कहा कि भारत बहुत उच्च शुल्क वाला देश है और उन्होंने दोहराया कि अमेरिकी वस्तुओं पर शुल्क लगाने वाले देशों पर जवाबी शुल्क दो अप्रैल से लागू होंगे।

मंगलवार को कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए ट्रंप ने भारत और अन्य देशों द्वारा लगाए गए उच्च शुल्क की आलोचना की और उन्हें ‘बहुत अनुचित’ करार दिया।

यह ट्रंप के दूसरे कार्यकाल का कांग्रेस में पहला संयुक्त सत्र था।

वाशिंगटन से सांसदों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने घोषणा की कि अगले महीने जवाबी शुल्क लागू हो जाएंगे।

पूर्व में ट्रंप भारत को ‘टैरिफ किंग’ और ‘बड़ा दुर्व्यवहार करने वाला’ कह चुके हैं।

पिछले महीने, व्हाइट हाउस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने कहा था कि भारत ‘शुल्क के मामले में बहुत मजबूत रहा है।”

उन्होंने कहा, “मैं उन्हें दोष नहीं देता, लेकिन यह व्यापार करने का एक अलग तरीका है। भारत में उत्पाद बेचना बहुत मुश्किल है क्योंकि उनके पास व्यापार संबंधी बाधाएं हैं, बहुत मजबूत शुल्क हैं।”

भारत ने शुक्रवार को कहा कि वह द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं को कम करने सहित अमेरिका के साथ व्यापार संबंधों को गहरा करने पर विचार कर रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 08, 2025 01:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).