देश की खबरें | झारखंड में बच्चियों के साथ हो रहीं बलात्कार और हत्या की घटनाएं: मरांडी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड में भाजपा विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को यहां राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से खराब हो चुकी है।
दुमका (झारखण्ड), 21 अक्टूबर झारखंड में भाजपा विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को यहां राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से खराब हो चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे राज्य में आदिवासी, दलित और कमजोर वर्ग की छोटी-छोटी बच्चियों के साथ आये दिन बलात्कार और उनकी हत्या की घटनाएं हो रही हैं और सरकार के विधायक तथा अधिकारी यह कहकर अपनी खाल बचाने की कोशिश कर रहे हैं कि मोबाइल फोन का उपयोग करने के कारण छोटी लड़कियों के साथ ऐसे अपराध हो रहे हैं।
दुमका (सुरक्षित) विधानसभा के मकरो में आयोजित एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए मरांडी ने कहा, ‘‘राज्य की विधि-व्यवस्था पूरी तरह चौपट है और आरोप लगाया कि हेमंत सरकार ने अपने दस माह के कार्यालय में कोई भी कार्य नहीं किया।’’
मरांडी ने 16 अक्तूबर को दुमका जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र की 12 वर्षीय एक आदिवासी बच्ची की हत्या और कथित बलात्कार के मामले पर कहा, ‘‘रामगढ़ की घटना तो आप सभी ने सुनी ही है और बरहेट की घटना भी। इस राज्य में कानून व्यवस्था एकदम खराब हो गयी है। चोरी-डकैती, हत्या एवं अपहरण हो रहे हैं। दस माह में एक हजार से भी अधिक इस प्रकार की घटनाएँ हो चुकी हैं। छोटी-छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म और फिर उनकी हत्याएँ हो रही हैं। यह बच्चियां सिर्फ आदिवासी, दलित, पिछड़े और कमजोर तबके की हैं।’’
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का नाम लिये बगैर मरांडी ने कहा, ‘‘वह जिस बरहेट विधानसभा के विधायक हैं वहाँ पिछले दिनों एक संथाल लड़की के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गयी। उसके माँ-बाप जब थाने गये तो उन्हें यह कहकर दारोगा ने भगा दिया कि ‘जाओ, जाकर गाँव में फैसला करो, घर लौटकर उन्होंने उस लड़की की लाश दफना दी।’’
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों बरहेट में दारोगा ने एक लड़की को बालों से पकड़कर घसीटा और पीटा। उन्होंने कहा कि मामला सोशल मीडिया में वायरल हुआ तो मुख्यमंत्री ने दबाव में मामले की जांच शुरू करवाई लेकिन अब तक दरोगा पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी अफसोस की बात है कि ऐसी घटनाओं पर शर्म करने और कार्रवाई करने की बजाय राज्य सरकार के सत्ताधारी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक लोबिन हेंब्रम और पुलिस अधिकारियों ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि ऐसी घटनाएं लड़कियों को मोबाइल फोन देने से हो रही हैं।
ज्ञातव्य है कि झामुमो विधायक लोबिन हेंब्रम ने मंगलवार को यहां बयान दिया था कि लड़कियों के हाथ में मोबाइल फोन देने से ही उनके साथ बलात्कार जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। इसके अलावा मंगलवार को राज्य के पुलिस महानिदेशक एम वी राव ने कहा था कि बढ़ती बलात्कार की घटनाओं के पीछे अभिभावकों की असावधानी भी बड़ा कारण है।
दुमका (सुरक्षित) विधानसभा सीट पर उपचुनाव तीन नवम्बर को होना है जहाँ भाजपा से पूर्व आदिवासी, कल्याण मंत्री लुईस मरांडी और झामुमो से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई बसंत सोरेन चुनावी मैदान में हैं।
इन्दु
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)