पिछले 10 साल में लोकतांत्रिक ढांचे को नष्ट करने का संगठित प्रयास किया गया: मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 2024 को भारत के लोकतंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण वर्ष बताते हुए रविवार को कहा कि 140 करोड़ भारतीयों ने ऐसा जनादेश दिया जो राष्ट्र निर्माताओं की कड़ी मेहनत से निर्मित दीर्घकालिक संस्थाओं पर विश्वास कायम करता है.
नयी दिल्ली, 15 सितंबर : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 2024 को भारत के लोकतंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण वर्ष बताते हुए रविवार को कहा कि 140 करोड़ भारतीयों ने ऐसा जनादेश दिया जो राष्ट्र निर्माताओं की कड़ी मेहनत से निर्मित दीर्घकालिक संस्थाओं पर विश्वास कायम करता है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 साल में ‘‘लोकतांत्रिक ढांचे को नष्ट करने, संस्थाओं को ध्वस्त करने तथा हमारी प्रणालियों की अखंडता को नुकसान पहुंचाने का बड़ा प्रयास’’ किया गया है.
खरगे ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को उद्धृत करते हुए कहा, ‘‘लोकतंत्र सरकार का सर्वोत्तम स्वरूप है. यह लोगों को तय करने का अधिकार देता है कि उन पर किस प्रकार शासन किया जाए तथा वे अपने नेताओं को जवाबदेह ठहरा सकते हैं.’’ खरगे ने इस साल हुए लोकसभा चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘2024 भारत के लोकतंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण वर्ष है और 140 करोड़ भारतीयों ने एक ऐसा जनादेश दिया, जो हमारे राष्ट्र निर्माताओं द्वारा कड़ी मेहनत से निर्मित हमारी दीर्घकालिक संस्थाओं पर विश्वास कायम करता है.’’ यह भी पढ़ें : कर्नाटक के भाजपा विधायक को उत्पीड़न व रिश्वतखोरी के मामले में पुलिस हिरासत में भेजा गया
उन्होंने ‘अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस’ के मौके पर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘अब, हमें अपने संसदीय लोकतंत्र और संविधान के मूल्यों को बनाए रखने तथा उन मूल्यों की रक्षा करने के लिए और अधिक सतर्क रहना होगा, जिनमें ‘हम, भारत के लोग’ सामूहिक रूप से विश्वास करते हैं.’’
खरगे ने कहा, ‘‘आइए, अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस पर हम भारत की उस मूल भावना के प्रति खुद को पुनः समर्पित करें, जिसमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांत शामिल हैं.’’ संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 2007 में 15 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के रूप में मनाने का संकल्प लिया था.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 15, 2024 02:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

