एजेंसी न्यूज

UP Assembly Election 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण में अपराह्न तीन बजे तक पड़े करीब 48 फीसद वोट

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बृहस्पतिवार को 11 जिलों के 58 विधानसभा क्षेत्रों में अपराह्न तीन बजे तक औसतन 48.24 प्रतिशत वोट पड़े.

UP Assembly Election 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण में अपराह्न तीन बजे तक पड़े करीब 48 फीसद वोट
Vote Photo Credits: ANI)

लखनऊ, 10 फरवरी : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बृहस्पतिवार को 11 जिलों के 58 विधानसभा क्षेत्रों में अपराह्न तीन बजे तक औसतन 48.24 प्रतिशत वोट पड़े. निर्वाचन आयोग कार्यालय के मुताबिक मतदान कार्य कोविड प्रोटोकॉल के तहत सुबह सात बजे शुरू हो गया जो शाम छह बजे तक चलेगा और अपराहन तीन बजे तक औसतन 48.24 प्रतिशत वोट पड़े. ठंड की वजह से शुरू में मतदान की गति कुछ धीमी रही लेकिन दिन चढ़ने के साथ इसमें काफी तेजी आई. शामली में औसतन 53. 3 फीसद, मुजफ्फरनगर में 52.23, मेरठ में 47.86, बागपत में 50.21, गाजियाबाद में 44.88 हापुड़ में 51.67 गौतम बुद्ध नगर में 48.29 बुलंदशहर में 50.81 अलीगढ़ में 45.89 मथुरा में 49.17 और आगरा में 47.53 प्रतिशत औसत मतदान हुआ.

समाजवादी पार्टी (सपा) ने चुनाव आयोग से कैराना विधानसभा के कुछ मतदान केंद्रों पर गरीब मतदाताओं को डरा-धमका कर वापस भेजे जाने की शिकायत की है. पार्टी ने निर्वाचन आयोग और शामली के जिलाधिकारी को टैग करते हुए ट्वीट किया "शामली जिले की कैराना-8 विधानसभा के ग्राम डुंडुखेड़ा के बूथ संख्या 347, 348, 349 और 350 पर गरीब वर्ग के मतदाताओं को डरा-धमका कर, लाइनों से हटा वापस भेजा जा रहा है. तत्काल संज्ञान ले कार्रवाई कर सुचारू, भयमुक्त, निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करे चुनाव आयोग." अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ब्रह्मदेव राम तिवारी ने इस बारे में बताया कि संबंधित जिलाधिकारी से इस मामले को देख कर समुचित कार्यवाही के लिए कहा गया है. उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में तकनीकी खराबी की शिकायत की इसके बाद उन मशीनों को बदल दिया गया. उनके अनुसार शुरू में कुछ स्थानों पर वोटिंग मशीनों में गड़बड़ी की शिकायतें मिलीं जिन्हें कुछ समय बाद दूर कर लिया गया. यह भी पढ़ें : Hijab Controversy: कर्नाटक हाईकोर्ट ने सरकार को स्कूल खोलने का निर्देश दिया

पहले चरण में शामली, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा तथा आगरा जिलों में मतदान हो रहा है. पहले चरण का चुनाव जाट बहुल क्षेत्र में हो रहा है. इस चरण में राज्य सरकार के मंत्रियों--श्रीकांत शर्मा, सुरेश राणा, संदीप सिंह, कपिल देव अग्रवाल, अतुल गर्ग और चौधरी लक्ष्मी नारायण समेत कुल 623 उम्मीदवारों के सियासी भाग्य का फैसला होगा. इनमें 73 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं. राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिये व्यापक इंतजाम एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है. उनके मुताबिक कोविड-19 के मद्देनजर मतदेय स्थलों पर थर्मल स्कैनर, हैण्ड सैनीटाइजर, ग्लव्स, फेस मास्क, फेस शील्ड, पीपीई किट, साबुन, पानी आदि की पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था की गई है.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 10, 2022 04:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).