नयी दिल्ली, 28 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में अलग-अलग घटनाओं में दो किशोरियों की मौत की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच की शुक्रवार को मांग की और कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इस्तीफा दे देना चाहिए क्योंकि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के कालियागंज में अज्ञात लोगों ने पीड़ित लड़कियों में से एक के साथ कथित तौर पर बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी।
स्थानीय लोगों ने 21 अप्रैल को 17 वर्षीय लड़की का शव एक नहर में तैरते हुए पाया था। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में 20 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है।
एक अन्य घटना में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में 25 अप्रैल को 15 वर्षीय एक लड़की मृत पाई गई थी। कालियाचक थाना क्षेत्र में स्थित एक गांव में 10वीं कक्षा की छात्रा का शव एक खेत में मिला।
इन घटनाओं के कारण तृणमूल शासित राज्य में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए हैं।
भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "हमने पश्चिम बंगाल में ऐसी कई घटनाएं देखी हैं... पश्चिम बंगाल में महिलाएं अब सुरक्षित नहीं हैं। जिस तरह से ऐसी घटनाएं हो रही हैं, राज्य भारत की बलात्कार राजधानी बनने की राह पर है।"
उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने में 'विफलता' के लिए बनर्जी को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
भाजपा नेता ने कहा, "तृणमूल कांग्रेस के शासन में पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है, और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद महिला होने के बावजूद महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने में विफल रही हैं।"
उन्होंने कहा, "वह (बनर्जी) 'मां, माटी, मानुष' के नारे के साथ सत्ता में आई थीं... इस मां माटी मानुष सरकार के तहत केवल खून, गोली, सिंडिकेट राज है और महिलाओं के लिए कोई सम्मान नहीं है।"
दोनों घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री की आलोचना करते हुए भाजपा सांसद खगेन मुर्मू ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में पश्चिम बंगाल में कोई भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया, ''वहां गुंडा राज है।"
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस राजनीतिक दबाव में काम कर रही है और राज्य में अपराध करने वालों को विश्वास है कि उन्हें कुछ भी नहीं होगा, चाहे वे कुछ भी करें।
मुर्मू ने कहा, "इन घटनाओं की सीबीआई जांच कराई जाए और अपराध करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।" उन्होंने दावा किया, ''लोगों को राज्य पुलिस पर भरोसा नहीं है क्योंकि यह राजनीतिक दबाव में काम करती है'।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY