देश की खबरें | पंजाब के पटियाला में महिला को खंभे से बांधकर पीटा गया

चंडीगढ़, छह अप्रैल पंजाब के पटियाला जिले में एक परिवार के सदस्यों द्वारा एक महिला को खंभे से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक पीड़ित महिला के बेटे पर परिवार की बहू को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप है।

उन्होंने बताया कि इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पंजाब राज्य महिला आयोग ने घटना का संज्ञान लेते हुए पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को इस मामले में सात अप्रैल तक कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

यह घटना चार अप्रैल को पटियाला के जनसूहा गांव में घटी और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

करीब चालीस वर्षीय महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसी इलाके में रहने वाले परिवार ने उसे उस समय पकड़ लिया जब वह कहीं जा रही थी।

महिला ने आरोप लगाया कि उसे एक खंभे से बांध दिया गया, पीटा गया और उसके कपड़े फाड़ दिए गए।

महिला ने बताया कि वे उसके 18 वर्षीय बेटे का पता पूछ रहे थे, क्योंकि उनका दावा है कि उसका बेटा उनकी बहू को भगा ले गया है।

महिला ने कहा कि वह लगातार विनती करती रही कि उसे अपने बेटे के बारे में पता नहीं है और यहां तक ​​कि उसने अपने बेटे का पता लगाने में मदद की पेशकश भी की।

हालांकि, बाद में पुलिस ने महिला को बचा लिया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के संबंध में राजपुरा के सदर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और दो आरोपियों कुलदीप और बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों को भी पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)