देश की खबरें | 26/11 के मुंबई हमले के सिलसिले में एनआईए ने तहव्वुर राणा की हस्तलिपि एवं आवाज के नमूने एकत्र किये

नयी दिल्ली, तीन मई राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने शनिवार को दिल्ली की एक अदालत में मुंबई आतंकवादी हमले के कथित सूत्रधार तहव्वुर राणा की आवाज और हस्तलिपि के नमूने एकत्र किये।

राणा को कड़ी सुरक्षा में न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) वैभव कुमार के समक्ष लाया गया । एनआईए ने बंद कमरे में हुई अदालती कार्यवाही में उसकी हस्तलिपि के नमूने लिये गये।

सूत्र ने बताया कि राणा ने विभिन्न वर्ण और अंक लिखे।

राणा का प्रतिनिधित्व करने वाले उसके कानूनी सहायक वकील पीयूष सचदेव ने अपने मुवक्किल की ओर से कहा कि उसने ‘हाल में अदालत द्वारा दिये गये आदेश का पूरी तरह से पालन किया है, जिसमें उसे अपनी आवाज और लिखावट के नमूने प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया था।’’

हाल में अदालत ने एनआईए को राणा की आवाज एवं हस्तलिपि के नमूने लेने को कहा था।

विशेष एनआईए न्यायाधीश चंद्रजीत सिंह ने एनआईए के आवेदन पर 30 अप्रैल को यह आदेश पारित किया। न्यायाधीश सिंह ने 28 अप्रैल को राणा की हिरासत 12 दिनों के लिए बढ़ा दी थी।

मुंबई के 26/11 हमले के मुख्य षडयंत्रकर्ता डेविड कोलमैन हेडली उर्फ ​​दाऊद गिलानी के करीबी राणा को भारत लाया गया। वह अमेरिकी नागरिक है और अमेरिकी उच्चतम न्यायालय ने उसके भारत प्रत्यर्पण के खिलाफ उसकी समीक्षा याचिका चार अप्रैल को खारिज कर दी थी।

मुंबई में 26 नवंबर, 2008 को 10 पाकिस्तानी आतंकवादियों ने एक रेलवे स्टेशन, दो शानदार होटलों और एक यहूदी केंद्र पर भीषण हमला किया था। यह हमला करीब 60 घंटे तक चला जिसमें 166 लोगों की जान चली गयी। आतंकवादी अरब सागर के रास्ते भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई पहुंचे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)