देश की खबरें | सरकार में आए तो 30 लाख सरकारी नौकरियां देंगे: राहुल गांधी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र में पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं को 30 लाख सरकारी नौकरियां देने की घोषणा बृहस्पतिवार को की।
जयपुर, सात मार्च कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र में पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं को 30 लाख सरकारी नौकरियां देने की घोषणा बृहस्पतिवार को की।
वह अपनी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा^ के तहत बांसवाड़ा में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
युवाओं, गरीबों व अन्य तबकों के लिए पार्टी के प्रस्तावित कदमों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘युवाओं के लिए कांग्रेस पार्टी क्या करने जा रही है? सबसे पहला कदम, हमने गिनती की है- हिंदुस्तान में 30 लाख सरकारी पद खाली हैं ... (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी इनको भरवाते नहीं है। भाजपा इन्हें भरवाती नहीं है। सरकार में आने के बाद एक दम पहला काम होगा कि ये 30 लाख सरकारी नौकरियां हम दे देंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ये पांच ऐतिहासिक काम हैं... युवाओं के लिए भर्ती भरोसा... 30 लाख खाली पद भरना, पहली नौकरी पक्की करना, पेपर लीक से मुक्ति, गिग कर्मियों के लिए सामाजिक सुरक्षा व ‘युवा रोशनी’ के तहत जिलों में स्टार्ट अप के लिए 5,000 करोड़ रुपए ... ये हम आपके लिए करने जा रहे हैं।’’
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी के घोषणापत्र में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के लिए कानूनी गारंटी देने का वादा किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘आदिवासियों की जल, जंगल की लड़ाई हमारी लड़ाई है। आपके साथ हम खड़े हैं।’’
जनसभा को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी संबोधित किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 07, 2024 03:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

