देश की खबरें | राजद आया तो विकास के कटोरे में छेद हो जायेगा, जनता तय करे कि सुशासन चाहिए या कुशासन : नड्डा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंगलवार को , बिहार में सरकार बनने पर विकास करने के विपक्ष के वादे पर तंज करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल का अराजक चरित्र अभी भी नहीं बदला है और ऐसे में लालू प्रसाद की पार्टी सत्ता में आ गई तब विकास के कटोरे में छेद हो जायेगा ।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

राजनगर (मधुबनी), 27 अक्तूबर भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंगलवार को , बिहार में सरकार बनने पर विकास करने के विपक्ष के वादे पर तंज करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल का अराजक चरित्र अभी भी नहीं बदला है और ऐसे में लालू प्रसाद की पार्टी सत्ता में आ गई तब विकास के कटोरे में छेद हो जायेगा ।

उन्होंने कहा कि यह सब देखते हुए बिहार की जनता को तय करना है कि उन्हें राजमार्ग चाहिए या अपहरण, उन्हें सुशासन चाहिए या कुशासन।

यह भी पढ़े | Nikita Tomar Murder Case: कॉलेज की छात्रा को गोली मारने वाला आरोपी तौसिफ ने कबूला अपना जुर्म, कहा- उसकी शादी और कहीं होने वाली थी इसलिए मारी गोली- रिपोर्ट.

मधुबनी जिले के राजनगर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘ कुछ लोग बदलाव की बात करते हैं । मैं पूछता हूं कि क्या राजद बदल गया है ? राजद आज भी वही है, उसका चरित्र अराजक है । वे खुद तो बदले नहीं और बदलाव की बात करते हैं। ’’

उन्होंने कहा ‘‘राजद अराजक है और उसने विध्वंसकारी भाकपा माले से तालमेल किया है । जबकि कांग्रेस और उसके नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध करते करते देश के खिलाफ बातें करने लगते हैं ।’’

यह भी पढ़े | गुजराती फिल्म स्टार और पूर्व भाजपा विधायक नरेश कनोडिया का कोरोना से निधन.

भाजपा अध्यक्ष ने राजद पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ये लोग चले थे चरवाहा विश्वविद्यालय बनाने, चरवाहा विश्वविद्यालय बनाते-बनाते चरागाह बना दिया, चारागाह बनाते-बनाते चारा घोटाला कर दिया। ये है इनका रिपोर्ट कार्ड।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास के नए आयामों को छू रहा है और अब यह बिहार की जनता को तय करना है कि उन्हें राजमार्ग चाहिए या अपहरण, उन्हें सुशासन चाहिए या कुशासन।

नड्डा ने कहा ‘‘नरेन्द्र मोदी ने बिहार के विकास के लिए 1.25 लाख करोड़ रुपये का पैकेज दिया था। प्रधानमंत्री ने 1.25 लाख करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए, साथ ही 40 हजार करोड़ रुपये भी बिहार के विकास के लिए दिए । और भी विकास होगा । लेकिन यह ध्यान रखना है कि लालू जी आ जायेंगे तब कटोरे में छेद हो जायेगा । ऐसे में पक्का लोटा चाहिए।’’

उन्होंने केंद्र और राज्य की राजग सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा ‘‘नरेन्द्र मोदी ने बिहार के 1.36 लाख घरों में बिजली पहुंचाई है, करीब 1.20 लाख घरों में शौचालय बनाए गए हैं और पूरे देश में करीब 2 करोड़ शौचालय बनाए गए हैं। नीतीश कुमार ने 1.41 करोड़ राशन कार्ड धारकों को 1-1 हजार रुपये दिया है।’’

लोजपा नेता चिराग पासवान पर परोक्ष निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा कि चुनाव के वक्त कुछ लोग षड्यंत्र कर रहे रहे हैं और वोट बांटना चाहते हैं लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन एकजुट है और हमें ऐसे लोगों से भी सावधान रहना है ।

उन्होंने कहा, ‘‘ वे एक तरफ तो नीतीश कुमार को भला-बुरा कहते हैं और दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हैं । ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हमें याद रखना कि राजग एक है। भाजपा, जदयू, वीआईपी और हम पार्टी ... यही राजग है । ’’

गौरतलब है कि बिहार चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से अलग होने के बाद भी चिराग, भाजपा के प्रति नरम रुख अख्तियार किए हुए हैं, लेकिन नीतीश कुमार पर निशाना साधने का कोई मौका वह नहीं छोड़ रहे । हाल ही में चिराग ने स्वयं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘हनुमान’ बताया था ।

कांग्रेस पर बरसते हुए नड्डा ने कहा ‘‘कोरोना वायरस से मुकाबले के लिए दुनिया ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की है लेकिन राहुल गांधी पाकिस्तान की ढपली बजा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा ‘‘ मणिशंकर अय्यर पाकिस्तान में कहते हैं कि मोदी सरकार को बदलने की जरूरत है जबकि शशि थरूर लाहौर के मंच से भारत की निंदा करते हैं और पाकिस्तान की तारीफ करते हैं।’’

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ पहले समाज को बांटकर चुनाव लड़े जाते थे। लेकिन नरेन्द्र मोदी ने राजनीतिक संस्कृति बदल डाली। अब जो कोई भी चुनाव लड़ता है, उसे यह बताना पड़ता है कि उसने पहले क्या काम किए हैं और आगे क्या करने वाला है।’’

उन्होंने कहा कि देश का 80% मखाना मिथिला क्षेत्र में होता है, और आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत बिहार के मखाने की वर्ल्ड ब्रैंडिंग की जाएगी।

नड्डा ने कहा कि मधुबनी पेंटिंग बनाने वालों से कम दाम पर पेंटिंग खरीदकर, ज्यादा दामों पर बेची जाती है लेकिन अब मधुबनी पेंटिंग बनाने वाले कलाकारों को भी उचित दाम मिलेंगे ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\