(फोटो के साथ)
हजारीबाग, चार अप्रैल जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर भाजपा केंद्र में सत्ता में फिर आई तो राज्य को पिछड़ेपन की ओर धकेल देगी।
कल्पना सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के 45वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।
कल्पना सोरेन ने जनसभा में कहा, ‘‘ केंद्र की जो तानाशाही ताकत आपके सामने है, उसने झारखंड को सौतेला बेटा बना दिया है। अगर भाजपा एक बार फिर से केंद्र में सत्ता में आई और आप ने यहां से भाजपा नेताओं को जिताया तो यह (भाजपा) झारखंड को और पिछड़ेपन की ओर धकेल देगी।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को झारखंड पसंद नहीं है और वह राज्य के लोगों से नफरत करती है।
झामुमो नेता ने दावा किया, ‘‘ उन्हें यह पसंद नहीं कि हम उनसे आत्मसम्मान के साथ आंखों में आंखें डालकर बात करें। उन्हें यह पसंद नहीं है कि झारखंड से कोई भी छात्र पढ़ाई के लिए विदेश जाये। ’’
उन्होंने लोगों से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवारों का समर्थन करने का आग्रह किया ताकि झारखंड ''उसी तरह प्रगति कर सके जिस तरह से वह अब बढ़ रहा है''।
मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि वह कुछ अपरिहार्य कारणों से हजारीबाग में झामुमो के स्थापना दिवस कार्यक्रम में भाग नहीं ले सके।
चंपई सोरेन ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कुछ अपरिहार्य कारणों से झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थापना दिवस के इस महत्वपूर्ण अवसर पर मैं आपके साथ नहीं हूं, लेकिन मैं भले ही वहां नहीं हूं, लेकिन हर पर आपके साथ हूं।’’
साथ ही उन्होंने कहा कि हजारीबाग झारखंड राज्य आंदोलन के समय से ही झामुमो का गढ़ रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY