देश की खबरें | भिडे को बुधवार तक गिरफ्तार नहीं किया गया तो सदन नहीं चलने देंगे : आव्हाड

ठाणे, 31 जुलाई राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायक और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने सोमवार को कहा कि अगर दक्षिणपंथी कार्यकर्ता संभाजी भिडे को बुधवार तक गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे सदन नहीं चलने देंगे।

राज्य विधानसभा का मानसून सत्र चार अगस्त (शुक्रवार) को समाप्त होना है।

शरद पवार गुट के राकांपा नेता आव्हाड ने दावा किया कि भिडे ने महात्मा गांधी और ज्योतिबा फुले जैसे महानायकों का अपमान किया है।

मुंब्रा-कलवा विधानसभा क्षेत्र से राकांपा विधायक ने कहा कि अगर भिडे को बुधवार तक गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे सदन नहीं चलने देंगे।

उन्होंने यहां नौपाड़ा पुलिस थाने में भिड़े के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई है, जिसके बाद भारतीय दंड संहिता की धारा 153 ए (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और 500 (मानहानि) सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

आव्हाड ने कहा कि भिडे की टिप्पणी मणिपुर में हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने की एक चाल है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)