कुडची(कर्नाटक), 29 अप्रैल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले, राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए शनिवार को एक नया नारा ‘इ बारिया निरधारा, बहुमतदा बीजेपी सरकारा’ (इस बार का निर्णय, बहुमत की भाजपा सरकार) दिया और विश्वास जताया कि पूर्ण बहुमत हासिल करके पार्टी सत्ता बरकरार रखेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस उनके खिलाफ अपशब्द कह रही है क्योंकि उन्होंने भ्रष्टाचार के सभी स्रोत बंद कर दिये हैं। मोदी ने दावा किया कि सिर्फ भाजपा ही कर्नाटक में स्थिर और मजबूत सरकार दे सकती है।
प्रधानमंत्री ने 10 मई के विधानसभा चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने का दावा किया। उल्लेखनीय है कि 2008 और 2018 में पार्टी को बहुमत नहीं मिला था, जब वह (विधानसभा चुनावों में) सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। उन मौकों पर पार्टी को अपना पाला बदलने वाले विपक्षी दलों के विधायकों और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनानी पड़ी थी।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मोदी ने कांग्रेस के भ्रष्टाचार के रास्तों को बंद कर दिया है। कांग्रेस का मतलब भ्रष्टाचार है। कांग्रेस के शासन के दौरान ‘भ्रष्टाचार काल’ था, जबकि भाजपा के शासन के दौरान ‘अमृत काल’ है। कांग्रेस चिंतित है क्योंकि उसके सभी स्रोत बंद कर दिये गये हैं, इसलिए वे ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ नारे लगा रहे हैं। कांग्रेस मोदी की कब्र खोदने में व्यस्त है, जबकि लोग कमल का खिलना सुनिश्चित कर रहे हैं।’’
बेलगावी जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों की घोषणा होने के बाद राज्य में उनके चुनाव प्रचार के पहले दिन यह उनकी तीसरी रैली है और ऐसा प्रतीत होता है कर्नाटक के लोगों ने राज्य में भाजपा की स्थिर और मजबूत सरकार लाने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘....इ बारिया निरधारा, बहुमतदा बीजेपी सरकारा-हर जगह सुना जा सकता है...। ’’उन्होंने कहा कि ‘कमल’ कर्नाटक की प्रगति का चिह्न है और सिर्फ भाजपा के पास विकास का रोडमैप है।’’
रैली में कर्नाटक के मंत्री गोविंद करजोल और शशिकला जोले सहित भाजपा के अन्य नेता भी मौजूद थे।
मोदी ने कहा कि भाजपा ने कर्नाटक की प्रगति के लिए नयी ऊर्जा वाले और लंबा अनुभव रखने वाले लोगों की एक नयी टीम बनाई है। उन्होंने कहा कि यह टीम इस अमृतकाल के दौरान कर्नाटक के लिए एक ‘रोडमैप’ तैयार करने का कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक को सत्ता में एक स्थिर राजनीतिक दल और पूर्ण बहुमत वाली एक मजबूत सरकार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए केवल भाजपा ही स्थिर और मजबूत सरकार दे सकती है।
उन्होंने दावा किया कि दलित, गरीब और कमजोर वर्गों के लिए काम करने वालों से कांग्रेस नफरत करती है। उन्होंने उल्लेख किया कि यहां बेलगावी में बाबासाहेब आंबेडकर ने कहा था कि कांग्रेस उनके साथ कैसा व्यवहार करती है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ‘जहरीला सांप’ संबंधी टिप्पणी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जैसी तब थी, वैसी ही अब भी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY