विदेश की खबरें | मुझे कोविड है या परागज ज्वर: आइये जानते हैं दोनों के लक्षण
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

नॉटिंघम (ब्रिटेन), छह अगस्त (द कन्वरसेशन) उत्तरी गोलार्ध में गर्म मौसम की वजह से कई लोग पराग कणों से होने वाली एलर्जी से पीड़ित होंगे। इसे परागज ज्वर भी कहा जाता है। इससे वसंत, गर्मी और शरद ऋतु के महीनों के दौरान दुनिया भर में लाखों लोग प्रभावित होते हैं।

इस बीच, कोविड के मामले अधिक हैं। हालांकि मौसमी एलर्जी कई लोगों के लिए आम है, लेकिन कोविड और परागज ज्वर के लक्षण महत्वपूर्ण रूप से एक जैसे दिखते हैं। इससे लोग कोविड को एलर्जी समझने की गलती कर सकते हैं जिससे कोविड का प्रसार बढ़ सकता है।

विशेष रूप से, अब हम प्राय: कोविड महामारी के पहले की तुलना में हल्के लक्षण देख रहे हैं। यह टीकों और पूर्व में हुए संक्रमण से बढ़ी प्रतिरक्षा, और वायरस के नए स्वरूपों के विकास सहित विभिन्न कारकों के कारण है।

बेशक, यह अच्छी बात है कि आम तौर पर लोग कोविड से उतने बीमार नहीं हो रहे हैं। साथ ही, यह वास्तव में कोविड और अन्य बीमारियों या एलर्जी के बीच भ्रम को बढ़ा सकता है।

ब्रिटेन के जेडओई ऐप का नवीनतम डेटा, जो लोगों द्वारा स्वयं बताए गए कोविड लक्षणों पर निगरानी रखता है, दिखाता है कि कोविड के सबसे सामान्य लक्षण अब गले में खराश के हैं। इसके बाद सिरदर्द, खांसी, नाक का बंद होना और नाक बहना जैसे लक्षण हैं। ये सभी लक्षण पराग कणों से जुड़ी एलर्जी वाले लोगों को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए यह बहुत संभव है कि कोई व्यक्ति अपनी सामान्य एलर्जी की शुरुआत के रूप में कोविड को खारिज कर दे।

कोविड लक्षण बनाम परागज ज्वर के लक्षण

हालांकि कई समान लक्षण हैं, लेकिन कुछ प्रमुख लक्षण हैं जो आपको कोविड और परागज ज्वर के बीच अंतर करने में मदद कर सकते हैं।

आंखों में खुजली: नेत्रों में खुजली होना, लाल होना, पानी बहना या सूजी हुई आंखें पराग कणों से होने वाली एलर्जी का एक सामान्य संकेत हैं, लेकिन ये कोविड से जुड़े नहीं हैं।

बुखार या ठंड लगना: उच्च तापमान पराग कणों से होने वाली एलर्जी का संकेत नहीं है, लेकिन यह एक काफी सामान्य कोविड लक्षण है। इसलिए यदि आपको बुखार है, तो अन्य लक्षणों के साथ, आपको कोविड या कोई अन्य श्वसन संक्रमण हो सकता है।

दस्त, उल्टी और जी मिचलाना: विशेष रूप से दस्त, संक्रमण के पहले दिन से शुरू होकर और अक्सर फिर स्थिति खराब होने पर, कोविड का एक शुरुआती संकेत हो सकता है। यह पराग कण संबंधी एलर्जी से जुड़ा नहीं है।

मांसपेशियों में दर्द: कोविड से संबंधित मांसपेशियों में दर्द हल्के से लेकर काफी परेशान करने वाला हो सकता है, खासकर तब, जब यह थकान के लक्षणों के साथ हो। मांसपेशियों में दर्द पराग कणों से होने वाली एलर्जी से जुड़ा नहीं है।

पराग जनित एलर्जी और कोविड के कुछ लक्षणों में भी अंतर देखा जा सकता है। उदाहरण के लिए, कोविड से संबंधित खांसी आम तौर पर लगातार और सूखी होती है, जबकि नाक के बलगम की गले में मौजूदगी के कारण परागज ज्वर से जुड़ी खांसी अधिक असहज करने वाली होती है। इसी तरह, पराग एलर्जी में गंध और स्वाद का पता न चलना नाक बंद होने के कारण होता है, लेकिन यदि आपकी नाक बंद नहीं है और यह लक्षण है, तो यह कोविड होने की अधिक संभावना हो सकती है।

यदि आपकी पराग एलर्जी के लक्षण सामान्य से अधिक खराब दिखते हैं, या अधिक विशिष्ट लक्षण हैं, तो तुरंत कोविड परीक्षण कराने की सलाह दी जाती है।

स्वयं की रक्षा करना

एलर्जी के लक्षणों को नियंत्रित करने से काम और स्कूल से अनुपस्थिति को रोकने में मदद मिल सकती है, तथा संभावित रूप से परीक्षण के साथ संयोजन में, कोविड लक्षणों की पहले ही पहचान की सुविधा मिल सकती है। इसके अलावा, हालांकि एलर्जी और कोविड ​​​​के बढ़ते जोखिम के बीच कोई संबंध नहीं है, पराग कणों के संपर्क में आना वास्तव में कोविड ​​​​के खिलाफ काम करने वाली शरीर की प्रतिरक्षा को कमजोर कर सकता है।

यदि आपका पराग कणों से होने वाली एलर्जी का इतिहास है, तो सुनिश्चित करें कि आपकी उपचार योजना चालू रहे और जब आपको आवश्यकता हो तो आपके पास दवाएं उपलब्ध हों। पराग कणों की मात्रा अधिक होने पर बाहरी गतिविधियों से बचने, खिड़कियां बंद रखने, बाहर से घर आने के बाद कपड़े बदलने और वायुशोधकों का उपयोग करके पराग कणों से होने वाले नुकसान के जोखिम को कम किया जा सकता है।

कोविड को रोकने के सर्वोत्तम तरीकों में टीकाकरण, सही तरह से चेहरे को ढकना और शारीरिक दूरी बनाना शामिल है। यदि आप दोनों के लिए सर्वश्रेष्ठ की तलाश कर रहे हैं, तो पराग कण फिल्टर मास्क पराग एलर्जी और कोविड दोनों के खिलाफ सुरक्षात्मक हो सकता है।

(द कन्वरसेशन)

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)