देश की खबरें | झूठ फैलाने वालों के सामने कुछ भी खुलासा करने को तैयार नहीं हूं : जलील
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

तिरुवनंतपुरम, 13 सितंबर केरल के मंत्री के.टी. जलील ने विदेशी चंदा अधिनियम के कथित उल्लंघन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ पर अपनी चुप्पी का बचाव करते हुए रविवार को कहा कि वह उन लोगों के लिए कुछ भी खुलासा करने को तैयार नहीं हैं, जो अपने विवेक का इस्तेमाल किए बिना ‘झूठ फैला’ रहे हैं।

ईडी के सवालों की स्पष्ट जानकारी देने की विपक्षी पार्टियों की मांग और इस्तीफे के लिए दबाव बनाने को लेकर जारी प्रदर्शन के बीच उच्च शिक्षा मंत्री जलील ने यह टिप्पणी फेसबुक पोस्ट के जरिये की।

यह भी पढ़े | Telangana CM Feeds Bananas to Monkeys: तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर ने श्री नरसिम्हा स्वामी मंदिर के बाहर भूखे बंदरों को खिलाया केला, देखें तस्वीरें.

इससे पहले जलील राजनयिक माध्यम से संयुक्त अरब अमीरात से कुरान की प्रति मंगाने और विदेशी चंदा अधिनियम का कथित उल्लंघन करने के सिलसिले में शुक्रवार को कोच्चि में ईडी के समक्ष पेश हुए थे और बयान दर्ज कराया था।

जलील ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘झूठी और गलत खबरें बिना विवेक का इस्तेमाल किए फैलाई जा रही हैं।’’

यह भी पढ़े | कोरोना के महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 22,543 नए केस, 416 लोगों की मौत: 13 सितंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

ईडी द्वारा की गई पूछताछ का खुलासा करने की मांग के जवाब में उन्होंने कहा,‘‘ जिन चीजों को छिपा कर रखना है वह सामने आएगा, जिसका खुलासा किया जाना है वह किस के सामने करना है यह बताया जाएगा। धर्मयुद्ध जीतने का यही तरीका है।’’

मंत्री इस समय अपने मलाप्पुरम के वेलानचेरी स्थित घर पर हैं और उन्होंने लोगों से मुलाकात की कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की हैं।

इस बीच, विपक्षी पार्टियों ने जलील के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार तीसरे दिन प्रदर्शन किया।

भाजपा की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जलील के घर तक मार्च निकाला, जिसके हिंसक होने के बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा।

कोझिकोड में प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार का इस्तेमाल किया गया।

इस बीच राज्य के विधि मंत्री एके बालन जलील के समर्थन में आए हैं।

उन्होंने पलक्कड में पत्रकारों से कहा, ‘‘केंद्रीय एजेंसी ने जलील से कुछ सूचना मांगी हैं। उन्हें व्यक्तिगत तौर पर नोटिस भेजा गया है न कि मंत्री के तौर पर...धार्मिक पुस्तक को कानूनी तरीके से लाया गया है।’’

इस बीच, भाजपा के केरल प्रदेश अध्यक्ष के. सुरेंद्रन ने आरोप लगाया है कि राज्य के एक अन्य मंत्री के बेटे को सोना तस्करी में ‘कमीशन’ मिला है और उन्होंने मामले की जांच कराने की मांग की।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता रमेश चेन्नीथला ने कहा कि आरोप गंभीर है और उन्होंने भी मामले की जांच कराने की मांग की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)