जरुरी जानकारी | हुंदै की थोक बिक्री फरवरी में नौ प्रतिशत बढ़कर 57,851 इकाई पर

नयी दिल्ली, एक मार्च वाहन विनिर्माता हुंदै मोटर इंडिया की फरवरी में थोक बिक्री सालाना आधार पर नौ प्रतिशत बढ़कर 57,851 इकाई हो गई।

कंपनी ने बुधवार को फरवरी, 2023 के बिक्री आंकड़े जारी करते हुए कहा कि एक साल पहले के समान महीने में उसने कुल 53,159 वाहनों की थोक बिक्री अपने वितरकों को की थी।

पिछले महीने में हुंदै ने 47,001 इकाइयों की घरेलू बाजार में थोक बिक्री की जो फरवरी, 2022 के 44,050 इकाइयों की तुलना में सात प्रतिशत अधिक है।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि फरवरी, 2023 में उसने भारत से 10,850 वाहनों का निर्यात भी किया जो एक साल पहले के 9,109 वाहनों की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक है।

हुंदै मोटर इंडिया के मुख्य परिचालन अधिकारी तरुण गर्ग ने कहा कि बिक्री के ये आंकड़े विभिन्न खंडों में सकारात्मक रुझान को दर्शा रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)