Hyundai Motor IPO: हुंडई मोटर इंडिया के आईपीओ को पहले ही दिन मिला प्रतिसाद, मिली 18 प्रतिशत बोलियां, नौ लाख से ज्यादा आवेदन मिले
दक्षिण कोरियाई वाहन विनिर्माता हुंदै की भारतीय इकाई हुंदै मोटर इंडिया लि. के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को मंगलवार को बोली के पहले दिन 18 प्रतिशत अभिदान मिला.
नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर दक्षिण कोरियाई वाहन विनिर्माता हुंदै की भारतीय इकाई हुंदै मोटर इंडिया लि. के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को मंगलवार को बोली के पहले दिन 18 प्रतिशत अभिदान मिला.एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 27,870 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत 1,77,89,457 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं, जबकि पेशकश 9,97,69,810 शेयर की है.
आईपीओ को पहले दिन नौ लाख से अधिक आवेदन मिले.
खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) की श्रेणी में 26 प्रतिशत अभिदान मिला, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 13 प्रतिशत अभिदान मिला. योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) का कोटा पांच प्रतिशत भरा. हुंदै मोटर इंडिया लि. (एचएमआईएल) ने सोमवार को एंकर निवेशकों से 8,315 करोड़ रुपये जुटाए थे. ये भी पढ़े:Hyundai Motor India IPO को लेकर बड़ी अपडेट, जानें- प्राइस बैंड, GMP से लॉट साइज तक हर जरूरी डिटेल
यह भारत में सबसे बड़ा आईपीओ होगा. इससे पहले सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का 21,000 करोड़ रुपये का आईपीओ सबसे बड़ा था.कंपनी ने बताया कि एचएमआईएल का आईपीओ 17 अक्टूबर को बंद होगा.कंपनी ने कहा कि प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह प्रवर्तक हुंदै मोटर कंपनी द्वारा 14,21,94,700 इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है.
यह आईपीओ भारतीय उद्योग के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि दो दशक के बाद कोई वाहन विनिर्माता कंपनी अपना आईपीओ ला रही है. इससे पहले जापान की वाहन विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी 2003 में आईपीओ लाई थी.मूल कंपनी हुंदै बिक्री पेशकश मार्ग के माध्यम से अपनी कुछ हिस्सेदारी बेच रही है.चूंकि यह सार्वजनिक निर्गम पूरी तरह से ओएफएस है, इसलिए एचएमआईएल को आईपीओ से कोई राशि नहीं मिलेगी.
ऊपरी मूल्य दायरे पर आईपीओ का आकार 27,870 करोड़ रुपये और कंपनी का बाजार मूल्यांकन निर्गम के बाद लगभग 1.6 लाख करोड़ रुपये आंका गया है.एचएमआईएल ने 1996 में भारत में परिचालन शुरू किया था और यह विभिन्न खंड में 13 मॉडल बेच रही है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 15, 2024 07:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

