नोएडा (उप्र), आठ मई दिल्ली जल बोर्ड के एक अधिकारी को कथित तौर पर ‘हनी ट्रैप’ में फंसाकर उनसे 2.85 लाख रुपये वसूलने तथा 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में नोएडा के एक होटल के मैनेजर को रविवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल तीन लोग अब भी फरार हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ग्रेटर नोएडा स्थित बीटा-2 थाने की पुलिस ने रविवार को एक सूचना के आधार पर आकाश नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया जो बागपत का रहने वाला है।
उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा में रहने वाले दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी को कथित तौर पर एक महिला के जरिये हनी ट्रैप में फंसाया गया था और होटल के मैनेजर ने बिना पहचानपत्र के कथित साजिश के तहत अभियुक्त प्रशांत चौधरी एवं देवेंद्र के कहने पर एक कमरा बुक किया था।
प्रवक्ता ने बताया कि इस घटना में मैनेजर की भूमिका सामने आई जिसके बाद रविवार को उसे गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने पूर्व में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस घटना का मास्टरमाइंड देवेंद्र अब भी फरार है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि पूर्व में भी देवेंद्र के कहने पर आकाश ने कई बार अवैध तरीके से कमरा बुक किया है।
गौरतलब है कि इस मामले में बीटा -2 थाना पुलिस ने तीन दिन पहले नीरजा देवी, प्रशांत कुमार और भरत को गिरफ्तार किया था।
इन लोगों पर आरोप है कि इस साल फरवरी में उन्होंने अधिकारी को हनीट्रैप में फंसाया और फिर उसे बंधक बनकार मथुरा ले गए। वहां पर उनके साथ मारपीट करने के बाद आरोपियों ने 2,85,000 रुपये ले लिया था, जबकि 10 लाख रुपये की और मांग कर रहे थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY