देश की खबरें | नगालैंड में हॉर्नबिल उत्सव समाप्त

कोहिमा, 10 दिसंबर नगालैंड का 10 दिवसीय हॉर्नबिल उत्सव शनिवार को किसामा के ‘नगा हेरिटेज विलेज’ में समाप्त हो गया।

इस मौके पर आयोजित एक समारोह में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। ऑस्ट्रेलियाई शेफ गैरी मेहिगन ने मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय किशन कौल और विशेष अतिथि मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के साथ दीप प्रज्ज्वलित किया।

लोथा नगा जनजाति के पारंपरिक गीत गुनगुनाने के साथ, लोग ‘एकता नृत्य’ में शामिल हुए। विभिन्न स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।

न्यायमूर्ति कौल ने अपने संबोधन में ‘‘नगालैंड के शांतिप्रिय लोगों को बधाई दी, जो अपनी अनूठी सांस्कृतिक और पारंपरिक व्यवस्था के साथ सह-अस्तित्व में हैं।’’

उन्होंने कहा कि नगा न केवल अपनी बहादुरी के लिए बल्कि आतिथ्य के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों की भूमि नगालैंड पर्यटन के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर है, जो राज्य में विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।

इस मौके पर रियो ने कहा, ‘‘एकता एक ऐसी चीज है, जिसकी हम सभी को जरूरत है।’’ उन्होंने कहा कि एक साथ मिलकर काम करने और सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए नगालैंड सरकार काम कर रही है।

सभी पर्यटकों और आगंतुकों के लिए रियो ने कहा ‘‘आप यहां अजनबियों के रूप में पहुंचे, लेकिन अब आप दोस्तों के रूप में विदा होंगे। हम आपकी सुरक्षित यात्रा की कामना करते हैं और आशा करते हैं कि आप यहां हमारी विनम्र भूमि से मीठी यादें वापस ले जाएंगे।’’

पर्यटन और कला एवं संस्कृति विभाग के सलाहकार, खेहोवी येपथोमी ने कहा, इस साल का हॉर्नबिल उत्सव दर्शकों के साथ-साथ घरेलू और विदेशी दोनों पर्यटकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया के साथ शानदार और उत्कृष्ट रहा है।

हॉर्नबिल उत्सव राज्य की गहरी परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए नगालैंड सरकार का वार्षिक पर्यटन प्रचार कार्यक्रम है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)