नयी दिल्ली, 19 फरवरी कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बुधवार को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वह "विभाजनकारी राजनीति" दूर रहेंगी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा किये गये चुनावी वादों को पूरा करेंगी।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर रेखा गुप्ता को बधाई दी।
यादव ने कहा, ‘‘उम्मीद है कि आप विभाजनकारी राजनीति से दूर रहेंगी, अपने सभी चुनावी वादे पूरे करेंगी और दिल्ली के लोगों के हितों की रक्षा के लिए काम करेंगी।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री होंगी।
दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया।
दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनीं गुप्ता बृहस्पतिवार दोपहर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। उनके साथ छह विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY