शिमला, 24 मई हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस के बागी सुधीर शर्मा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है और दोनों एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
सुक्खू ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि सुधीर शर्मा ने अपने वाहन चालक नेक राम के नाम पर खरीदी गई 10 करोड़ रुपये की 82 संपत्तियों में काला धन निवेश किया था।
सुक्खू ने शर्मा को 'भू माफिया' करार दिया।
सुधीर शर्मा धर्मशाला विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार हैं।
मुख्यमंत्री ने शर्मा पर अपना वोट बेचने और 'प्रॉपर्टी डीलर' के रूप में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने यहां जारी एक बयान में कहा कि कांग्रेस के बागी का जनसेवा से कोई लेना-देना नहीं है।
धर्मशाला में हिमाचल-पंजाब गोरखा एसोसिएशन के एक समारोह में शामिल हुए सुक्खू ने कहा कि शर्मा ने विधिवत निर्वाचित कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए भाजपा के साथ मिलकर साजिश रची और पैसे के लालच के कारण अपना वोट बेच दिया।
उन्होंने लोगों से शर्मा को सबक सिखाने के लिए कांग्रेस उम्मीदवार को वोट देने की अपील की।
मुख्यमंत्री के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शर्मा ने उन पर निरर्थक बयान देने आरोप लगाया।
उन्होंने चुनौती दी कि यदि चुनावी हलफनामे में घोषणा के अलावा कोई संपत्ति है तो वह सरकार को सब कुछ दे देंगे और यदि सुक्खू झूठ बोल रहे हैं तो उन्हें अपनी संपत्ति भी सरकार को हस्तांतरित करनी चाहिए।
शुक्रवार को जारी एक बयान में सुधीर ने यह भी पूछा कि सतलुज जल विद्युत निगम को किराए पर दी गई जिस इमारत का किराया बढ़ाया गया है, उसका मालिक कौन है।
उन्होंने कहा कि सुक्खू ने आपदा के दौरान 51 लाख रुपये का दान देकर अपनी छवि मजबूत करने की कोशिश की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY