शिमला, 25 अक्टूबर हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिये प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पर्चा दाखिल करने के आखिरी दिन कुल्लू सदर सीट पर अपने उम्मीदवार महेश्वर सिंह को बदल दिया।
दरअसल, महेश्वर सिंह के बेटे हितेश्वर सिंह ने बंजार सीट पर पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पर्चा दाखिल किया था।
भाजपा के एक नेता ने बताया कि महेश्वर सिंह की जगह अब नरोत्तम ठाकुर कुल्लू सदर सीट पर पार्टी के उम्मीदवार हैं और उन्होंने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के तौर पर अपना पर्चा दाखिल कर दिया है। ठाकुर एक अवकाश प्राप्त शिक्षक हैं।
मंगलवार को दोपहर एक बजे तक यह स्पष्ट नहीं था कि इस सीट से कौन उम्मीदवार पर्चा दाखिल करेगा।
पार्टी ने बताया कि महेश्वर सिंह के बेटे हितेश्वर ने पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ बंजार सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पर्चा दाखिल किया था, जिसके बाद पार्टी ने सिंह की उम्मीदवारी रद्द कर दी।
भाजपा उम्मीदवार के तौर पर नाम घोषित होने के बाद कुल्लू सदर सीट पर महेश्वर सिंह ने 21 अक्टूबर को पर्चा दाखिल किया था, लेकिन इसकी पुष्टि के लिये उन्हें आधिकारिक तौर पर पत्र नहीं मिला था।
उम्मीदवारी रद्द होने के बाद महेश्वर ने आगे की रणनीति तय करने के लिये भुंतर में अपने समर्थकों की एक बैठक बुलायी है।
इस बीच, कुल्लू सदर से भाजपा के एक अन्य नेता राम सिंह ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पर्चा दाखिल किया।
प्रदेश निर्वाचन विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन मंगलवार तक प्रदेश में 346 से अधिक उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया। 29 अक्टूबर तक नाम वापस लिये जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 12 नवंबर को मतदान होगा] जबकि आठ दिसंबर को मतों की गिनती होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY