देश की खबरें | हिमाचल विश्वविद्यालय की स्नातक परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार: कुलपति
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

शिमला, 18 अगस्त हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति सिकंदर कुमार ने मंगलवार को कहा कि स्नातक कक्षाओं की अंतिम परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी। राज्य के उच्च न्यायालय ने इसके लिए मंजूरी प्रदान कर दी।

इससे पहले सोमवार को विश्वविद्यालय ने उच्च न्यायालय के एक आदेश पर असमंजस के बीच मंगलवार को होने वाली परीक्षा को स्थगित कर दिया था। अदालत ने 14 अगस्त को आदेश दिया था कि विश्वविद्यालय तय समय के अनुसार परीक्षा नहीं करवाए।

यह भी पढ़े | ओडिशा विधानसभा का मॉनसून सत्र 30 सितंबर से पहले होगा शुरू: 18 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

अदालत ने कोरोना वायरस खतरे के कारण परीक्षाएं स्थगित करने के अनुरोध वाली एक याचिका पर आदेश जारी किया था।

कुलपति ने मंगलवार शाम एक बयान में कहा कि बीए, बीएससी और बीकॉम अंतिम वर्ष या सेमेस्टर की परीक्षाएं बुधवार से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी क्योंकि अदालत ने निर्देश जारी किए है कि विश्वविद्यालय परीक्षा कार्यक्रम जारी रख सकता है।

यह भी पढ़े | गृह मंत्रालय का बड़ा फैसला, वैध वीजा वाले विदेशी पत्रकारों को परिवार के साथ भारत आने की अनुमति.

उन्होंने कहा कि मंगलवार को विश्वविद्यालय द्वारा दायर विशेष याचिका पर अदालत का आदेश आया।

कुलपति ने कहा कि अदालत के आदेश के बाद बुधवार से परीक्षाएं पहले से जारी कार्यक्रम के अनुसार होंगी। उन्होंने कहा कि जो परीक्षा मंगलवार को होनी थी, वह बाद में ली जाएगी।

इससे पहले हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के एक आदेश पर भ्रम की स्थिति के बीच हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने 18 अगस्त को होने वाली स्नातक स्तर की अंतिम वर्ष की परीक्षा टाल दी है।

हालांकि विश्वविद्यालय ने 17 अगस्त को राज्य भर में 153 केंद्रों पर स्नातक स्तर की परीक्षा करवाई थी।

विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने कहा कि उन्हें अदालत के फैसले की जानकारी नहीं थी इसलिए 17 अगस्त को परीक्षा आयोजित की गई।

उन्होंने कहा कि बाद में 18 अगस्त को होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)